झांसी। कोरोना वायरस से लाक डाउन के चलते उत्तर मध्य रेलवे के झांसी मंडल अंतर्गत विद्युत लोको शेड में अधिकारियों व कर्मचारियों को ड्यूटी पर सुरक्षित काम पहुंचाने के लिए शेड प्रशासन द्वारा विशेष सुरक्षा व्यवस्था की गयी है। इस व्यवस्था से कर्मचारियों में राहत है और वह इस सुरक्षा उपाय से निकल कर काम कर रहे हैं। दरअसल, कोरोना वायरस के संक्रमण से बचाव के लिए सरकार द्वारा लाक डाउन के अलावा लोगों को फेस मास्क लगाकर चलने, बार बार हाथ धोने अथवा सेनेटाइज करने की सलाह दी जा रही है। इन सुरक्षात्मक उपायों का जन सामान्य द्वारा पालन किया जा रहा है। इसी क्रम में रेल प्रशासन द्वारा भी कर्मचारियों के हित में तमाम सुरक्षा व्यवस्था की जा रहीं हैं। विद्युत लोको शेड में अधिकारियों व कर्मचारियों की सुरक्षा के लिए उन्हें सेनेटाइज करने की व्यवस्था की गई है। इसके तहत शेड मुख्य प्रवेश द्वार के निकट सेनेटाइजर टनल लगाई गरी है। अधिकारी व कर्मचारी के ड्यूटी पर पहुंचने के उन्हें इस टनल से गुजरना पड़ता है। जैसे ही सम्बन्धित स्टाफ टनल में जाता है उस केमिकल मिले पानी का स्प्रे होता है। इस तरह सेनेटाइज की प्रक्रिया से गुजरने के बाद स्टाफ दूसरी तरफ से बाहर निकल जाता है। एसी लोको शेड में यह सुरक्षा व्यवस्था आज से शुरू हो जाने से स्टाफ ने राहत की सांस ली है।