झांसी। जनपद के थाना गुरसराय क्षेत्र के दखनेश्वर गांव के बाहर कुएं के पास शराब पीने के दौरान हुए विवाद में एक युवक की कुल्हाड़ी मारकर हत्या कर दी गई। इस मामले में मृतक की पत्नी ने गांव के एक व्यक्ति के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कराई है। थाना प्रभारी अभिनेन्द्र सिंह के अनुसार मौके से कुल्हाड़ी, सब्बल बरामद किया गया है। मुख्य आरोपित को गिरफ्तार कर लिया है।

बताया गया है कि दखनेश्वर गांव निवासी मजदूर रतीराम (32) पुत्र राजेंद्र अहिरवार को शनिवार की शाम को उसका गांव के एक व्यक्ति उसे शराब पिलाने अपने साथ ले गया। पीने के दौरान विवाद हो गया। शराब की दुकान पर मौजूद लोगों ने दोनों को समझाबुझाकर मामला शांत करा दिया। इसके बाद दोनों घर चले गए। रतीराम की पत्नी प्रेम कुमारी के अनुसार रात आठ बजे बैजनाथ कुशवाहा घर पर आया और पति को शराब पिलाने के लिए अपने साथ ले गया। देर रात तक पति के घर न लौटने पर खोजबीन की गई लेकिन कुछ नहीं पता चला।
रविवार की सुबह रतीराम का क्षतविक्षत शव बैजनाथ के खलिहान पर कुएं के पास पड़ा देखा। रतीराम अर्धनग्न अवस्था में पड़ा था। शरीर पर गहरे जख्म थे। आसपास भी खून पड़ा था। घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंच गयी। मृतक की पत्नी प्रेमकुमारी की तहरीर पर पुलिस ने बैजनाथ के खिलाफ हत्या की रिपोर्ट दर्ज कर ली है।