झांसी। भगवंतपुरा स्थित फार्म हाउस पर भारतीय जनता पार्टी के सदर विधायक रवि शर्मा ने अपनी धर्म पत्नी के साथ वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि प्रत्येक वर्ष बारिश में वह इसी जगह एक हजार पौधे रोपित करते हैं। आज से 4 वर्ष पूर्व उन्होंने यह संकल्प लिया था कि प्रत्येक वर्ष बारिश के समय एक हजार पौधे रोपित किए जाएंगे और यह सिलसिला लगातार चला रहा है। विधायक ने बताया कि उनका उद्देश्य है कि पर्यावरण प्रदूषण से मुक्ति मिले और आम जनमानस को मानसून का लाभ मिले। उन्होंने बताया कि लगभग 15 एकड़ के क्षेत्रफल में न केवल पौधे रोपित किए जाते हैं, बल्कि इस बात की भी चिंता की जाती है कि वे जीवित रहें। 4 वर्षो में हुए पौधारोपण में अभी भी 3500 पौधे जीवित हैं। उन्होंने बताया कि झांसी-ललितपुर सांसद ने भी आंवले के 50 पौधे भिजवाए हैं, जिन्हें कल रोपित किया जाएगा। पौधारोपण कार्यक्रम में नगर विधायक की धर्मपत्नी सुनीता शर्मा, भारतीय जनता पार्टी के महानगर अध्यक्ष मुकेश मिश्रा सहित भाजपा के तमाम पदाधिकारी व कार्यकर्ता मौजूद रहे।