झांसी। जिला झांसी के मऊरानीपुर से गायब हुए व्यापारी पुत्र को शनिवार को पुलिस ने सकुशल खोज निकाला है। पुलिस के अनुसार उसका अपहरण नहीं बल्कि सूदखोरों से बचने के लिए वह घर से भाग गया था।
गौरतलब है कि झांसी जिले के मऊरानीपुर थाना क्षेत्र में रहने वाला व्यापारी पुत्र सचिन गुप्ता 1 फरवरी की शाम से गायब चल रहा था। काफी खोजबीन करने के बाद जब को सुराग नहीं लगा तो इसकी सूचना थाने की पुलिस को दी गई। पुलिस ने मामला दर्ज करते हुए उसकी खोजबीन शुरु कर दी थी। तलाश के क्रम में पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद उसे खोज निकाला।
पुलिस के अनुसार गायब चल रहा सचिन दिल्ली में मिला। उसे झांसी लाकर उसकी डॉक्टरी कराने के बाद पूछताछ की गई। पूछतांछ में पता चला कि सचिन गुप्ता ने कस्बे में कई लोगों से कर्ज लिया है। सूदखोर उसे परेशान कर रहे थे। जिस कारण सूदखोरों से बचने के लिए वह घर पर बिना बताये हुए भाग गया था। पुलिस ने उक्त युवक को सकुशल खोजकर इसकी जानकारी उच्चाधिकारियों समेत उसके परिजनों को दी। इस पर सभी ने राहत की सांस ली है।