कोच में ₹1.50 करोड़ के 600 कछुआ बरामद 

0
101

रेलवे स्टेशन प्रयागराज पर आरपीएफ व जीआरपी की संयुक्त कार्रवाई

प्रयागराज। उमरे के रेलवे स्टेशन प्रयागराज पर रेलवे सुरक्षा बल (RPF) एवं राजकीय रेलवे पुलिस (GRP) द्वारा चलाए जा रहे सघन चेकिंग अभियान के दौरान एक बड़ी सफलता प्राप्त हुई। इसमें तस्करी कर ले जाए जा रहे 600 कछुआ बरामद किए गए। इनकी कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में लगभग ₹1.50 करोड़ आंकी गई है। उक्त कार्रवाई आरपीएफ प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार मीणा एवं जीआरपी प्रभारी निरीक्षक अखलेश कुमार सिंह के नेतृत्व में की गई।

28 जनवरी को प्राप्त सूचना के आधार पर ट्रेन संख्या 12308 जोधपुर–हावड़ा एक्सप्रेस के इंजन से सटे जनरल कोच की प्लेटफार्म संख्या 04/05 पर जांच की गई। जांच के दौरान कोच में रखे गए बैगों एवं बोरियों में जीव-जंतुओं के होने का संदेह हुआ। पूछताछ के उपरांत कुल 20 बैग/बोरियों से 600 अदद अवैध कछुए बरामद किए गए, जिनकी अंतरराष्ट्रीय बाजार में अनुमानित कीमत लगभग ₹1.50 करोड़ आँकी गई है। इस दौरान 05 आरोपियों को मौके से गिरफ्तार किया गया।

पकड़े गए आरोपी के नाम अरुण कुमार पुत्र बुलाकी,  अनीश कुमार पुत्र मोहन, रवि कुमार पुत्र बुलाकी, जितेन्द्र पुत्र बिचवाली, अमीर खान पुत्र जन्नी सभी निवासीगण— ग्राम महेशपुर, थाना हनुमानगंज, जनपद सुल्तानपुर (उ0प्र0)) हैं।

पूछताछ में आरोपियों द्वारा स्वीकार किया गया कि वे उक्त कछुओं को फतेहपुर क्षेत्र के आसपास के नदी-तालाबों से एकत्र कर अधिक कीमत पर बिक्री हेतु हावड़ा ले जा रहे थे। मामले की गंभीरता को देखते हुए तत्काल वन विभाग प्रयागराज को सूचना दी गई। सूचना पर वन विभाग के डिप्टी रेंजर रविन्द्र कुमार एवं वन दरोगा शिवदत्त सिंह मौके पर उपस्थित हुए। उनकी देखरेख में सभी बैगों व बोरियों की जांच की गई तथा अग्रिम विधिक कार्रवाई हेतु बरामद कछुओं एवं अभियुक्तों को वन विभाग को विधिवत सुपुर्द किया गया।
प्रकरण वन्यजीव संरक्षण अधिनियम से संबंधित होने के कारण संबंधित विभाग द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here