आवास विकास परिषद की बैठक में हंगामा, अफरातफरी मची
![]()
झांसी। आवास विकास परिषद की ओर से विकसित की जा रही नई टाउनशिप को लेकर लोगों की आपत्तियों की सुनवाई के लिए दीनदयाल उपाध्याय सभागार में बैठक की गई थी। सभागार में किसानों ने अपनी जमीन न देने की बात करते हुए हंगामा शुरू कर दिया।
इस दौरान उस समय अफरातफरी मच गई जब कुछ किसान पहले से अपने साथ बोतल में लेकर आए ज्वलनशील पदार्थ को अपने ऊपर डाल लिया। वहां पर मौजूद सुरक्षाकर्मियों ने किसी तरह लोगों को शांत कराया और तीन किसानों को समय रहते रोका। इस स्थिति से सभागार में हंगामा हो गया।
गौरतलब है कि झांसी में पैरामेडिकल कॉलेज के पास 1044 एकड़ में आवास विकास परिषद योजना संख्या-चार विकसित करने जा रहा है। नई टाउनशिप के लिए मुस्तरा, पिछोर, कोछाभांवर और टाकोरी में जमीन खरीदी जानी है। कई लोग अपनी जमीन देने का विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं। पिछले साल आवास विकास परिषद की ओर से आपत्तियां मांगी गई थीं। चारों गांवों को मिलाकर करीब छह हजार आपत्तियां आ चुकी हैं। इस मामले में आज़ दीनदयाल सभागार में आवास विकास परिषद के अधिकारियों द्वारा आपत्तियों की सुनवाई हेतु बैठक बुलाई गई थी। इस हंगामा अधिकारी पशोपेश में हैं। हालांकि एसडीएम प्रशासन वरुण पांडे ने कहा कि जमीन जबरन नहीं ली जा रही है।
भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने का आरोप
किसानों और जमीन मालिकों का कहना है कि उनकी ये जमीन खेती के लिए है और आवास विकास बिल्डर्स को फायदा पहुंचाने के मकसद से जबरन अधिग्रहण करना चाहता है. शासन ने लखनऊ से टीम भेजी थी. उसके साथ किसानों और जमीन मालिकों की बहस हुई। किसानों का कहना है कि उनकी जमीनें कम दाम पर अधिग्रहित कर भू-माफियाओं को फायदा पहुंचाने की कोशिश की जा रही है।
सुनवाई के दौरान अधिकारियों के बीच में ही टोकने से नाराज किसान धरने पर बैठ गए, जब पुलिस ने उन्हें हटाने की कोशिश की, तो तीन किसानों ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ डालकर आत्मदाह करने की कोशिश की. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने किसी तरह किसानों को रोक लिया। इससे बड़ी अनहोनी टल गई।
3300 लोगों ने लिखित आपत्ति दर्ज कराई:
आवास विकास परिषद के सचिव डॉ. नीरज शुक्ला ने बताया कि परियोजना के लिए जमीन अधिग्रहण को लेकर जमीन मालिकों की आपत्तियां दर्ज की जा रही हैं। जमीन मालिकों ने अपनी आजीविका और बच्चों के भविष्य का हवाला देते हुए जमीन देने से इनकार किया है। अब तक 3,300 लोगों ने लिखित आपत्ति दर्ज कराई है. नवाबाद थाना प्रभारी रवि श्रीवास्तव आत्मदाह की कोशिश करने वाले किसानों को अपने साथ थाने ले गए।













