विधायक रवि शर्मा ने झांसी की जन समस्याओं व विकास से जुड़े विषयों पर मुख्यमंत्री से कार्रवाई का अनुरोध किया

0
10

लखनऊ। विधानसभा सत्र के दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से उनके आवास पर नगर विधायक रवि शर्मा ने शिष्टाचार भेंट की। इस अवसर पर जनपद झांसी की जनसमस्याओं एवं विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों से मुख्यमंत्री को अवगत कराते हुए त्वरित कार्यवाही का अनुरोध किया।

नगर विधायक ने कहा कि गर्मियों में बुन्देलखण्ड क्षेत्र का तापमान अत्यधिक हो जाता है, जिससे झाँसी महानगर की विद्युत व्यवस्था प्रभावित हो जाती है। गर्मी के मौसम में दिन-रात विद्युत कटौती होती है तथा आपूर्ति होने पर भी बार-बार ट्रिपिंग (दस-दस मिनट के अंतराल पर) से नागरिकों को भारी असुविधा का सामना करना पड़ता है। विद्युत व्यवस्था की इस समस्या के कारण जहाँ एक ओर विपक्ष को सरकार के विरुद्ध बोलने का अवसर मिलता है, वहीं दूसरी ओर आम नागरिकों में भी रोष व्याप्त रहता है।

नगर विधायक ने अपने पत्र में उल्लेख किया कि इस समस्या के समाधान हेतु विद्युत विभाग के स्थानीय अधिकारियों एवं दक्षिणांचल विद्युत वितरण निगम लिमिटेड, आगरा के निदेशक (तकनीकी) के साथ पूर्व में विस्तृत चर्चा एवं समीक्षा की जा चुकी है। अधिकारियों द्वारा अवगत कराया गया कि झाँसी में विद्युत लोड अधिक होने के कारण आपूर्ति में व्यवधान उत्पन्न हो रहा है। अतः विद्युत व्यवस्था में सुधार हेतु झाँसी में 220/132/33 केवी का एक नया विद्युत उपकेंद्र स्थापित किया जाना अत्यंत आवश्यक है।

इस संबंध में अधिशासी अभियंता, विद्युत ट्रांसमिशन कॉरपोरेशन लिमिटेड, झांसी द्वारा 220/132/33 केवी के नए विद्युत उपकेंद्र की स्थापना हेतु कुल ₹1,11,58,79,531.00 (रुपये एक अरब ग्यारह करोड़ अट्ठावन लाख उन्यासी हजार पाँच सौ इकतीस मात्र) का प्राविधिक आगणन शासन स्तर पर प्रेषित किया गया है। उक्त प्रस्ताव की स्वीकृति हेतु नगर विधायक रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया।

दूसरे विषय में नगर विधायक ने अवगत कराया कि जनपद झाँसी के मौजा टांकोरी, कोछाभांवर, पिछोर एवं मुस्तरा की भूमि को आवास विकास परिषद, झाँसी द्वारा बिना समुचित सर्वेक्षण, पूर्व सूचना एवं बिना जनसहमति के प्रस्तावित आवास विकास योजना-4 के अंतर्गत अधिग्रहित किए जाने की प्रक्रिया प्रारंभ की गई है।उन्होंने बताया कि उक्त क्षेत्र की भूमि अत्यंत उपजाऊ, बहुफसली एवं व्यावसायिक उपयोग में है, जिस पर सैकड़ों किसान एवं व्यापारी अपनी आजीविका हेतु निर्भर हैं। यह क्षेत्र नगर निगम, झाँसी तथा झाँसी विकास प्राधिकरण की सीमा के अंतर्गत आता है, जहाँ सड़क, बिजली, जलापूर्ति, बाजार एवं अन्य मूलभूत सुविधाएँ पूर्व से ही उपलब्ध हैं। स्थानीय निवासियों द्वारा भी भूमि अधिग्रहण प्रक्रिया को निरस्त किए जाने की मांग की जा रही है।

तीसरे विषय में नगर विधायक ने मुख्यमंत्री को अवगत कराया कि वार्ड संख्या 03, भट्टागांव (खिरकपट्टी) में टैक्सी स्टैंड से लेकर रामजी लाल के मकान तक का मार्ग सेना की भूमि के अंतर्गत आता है। इस मार्ग पर स्थानीय निवासियों का निरंतर आवागमन होता है, अतः इसे सेना की भूमि से राजस्व भूमि में परिवर्तित कराया जाना आवश्यक है। इस संबंध में नगर विधायक ने उक्त भूमि को सेना से राजस्व विभाग को हस्तांतरित कराने अथवा समतुल्य भूमि के विनिमय की कार्यवाही किए जाने का अनुरोध किया। मुख्यमंत्री ने सभी विषयों पर सहानुभूतिपूर्वक विचार करते हुए शीघ्र एवं सकारात्मक समाधान का आश्वासन प्रदान किया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here