– बंगरा से भाजपा की भारती व गुरसराय से भाजपा की पदमा निर्विरोध
झांसी। ब्लॉक प्रमुख चुनाव 2021 में शनिवार को झांसी में 6 ब्लॉकों में ब्लॉक प्रमुख पद के लिए मतदान भारी गहमागहमी के बीच हुआ। मतदान के तुरंत बाद हुई मतगणना में घोषित किए गए परिणाम में तीन सीटों पर भाजपा को कामयाबी मिली, जबकि एक सीट पर सपा और 2 सीट पर निर्दलीय उम्मीदवार जीत हासिल करने में कामयाब रहे। हालांकि नामांकन के दिन ही बंगरा ब्लॉक से भाजपा की भारती आर्या व गुरसराय ब्लॉक से भाजपा की पदमा टीकाराम पटेल निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी थीं।

परिणामों के अनुसार बड़ागांव ब्लाक से भाजपा उम्मीदवार रचना राजपूत, चिरगांव ब्लॉक से राजकांतेश एवं मऊरानीपुर से आनंद सिंह विजयी घोषित किए गए। सपा की प्रभादेवी मोंठ ब्लॉक से जीत हासिल करने में कामयाब हुईं जबकि बबीना ब्लॉक से निर्दलीय बबीता पंजाब सिंह एवं बामौर ब्लॉक से निर्दलीय चंद्रभान ने जीत हासिल की। इससे पहले दोपहर 11 बजे से 3 तक चला मतदान शांतिपूर्ण रहा। छिटपुट बहस एवं विवाद को छोड़कर कहीं कोई अप्रिय घटना नहीं हुई।

मतगणना के अनुसार इस चुनाव में जिले में बड़ागांव ब्लॉक से भाजपा की रचना राजपूत जीती। उन्हें 31वोट मिले जबकि उनकी प्रतिद्वंद्वी सपा की रेखा यादव को 25 वोट ही मिले। चिरगांव ब्लॉक से भाजपा के राज कान्तेश ने जीत हासिल की। उन्हें 45 वोट मिले जबकि उनके प्रतिद्वंद्वी सपा के रामनरेश यादव को 27 वोट हासिल हुये। मऊरानीपुर ब्लॉक में भाजपा के आनंद सिंह परिहार जीते। उन्हें 63 मत व सपा की वंदना यादव को 16 वोट मिले। बबीना ब्लॉक से सपा समर्थित बबिता यादव जीती। उन्हें 53 वोट मिले। यहां भाजपा समर्थित दो प्रत्याशियों में समन्वय नहीं बन सका और दोनों चुनाव मैदान में खड़े हो गये। इसका लाभ सपा समर्थित प्रत्याशी को मिला। चुनाव में ब्रजेन्द्र राजपूत को 18 तो दूसरे भरत पाल को मात्र 2 वोट मिल सके।

मोंठ ब्लॉक से सपा की प्रभा देवी जीत गई। उन्हें 44 वोट मिले, जबकि भाजपा प्रत्याशी लाल सिंह को 34 वोट हासिल हुये। बामौर ब्लॉक से निर्दलीय चंद्रभान ने जीत हासिल कर सपा व भाजपा के समीकरण पर पानी फेर दिया।

इससे पहले बंगरा ब्लॉक से भाजपा की भारती आर्या व गुरसराय ब्लॉक से भाजपा की पदमा टीकाराम पटेल निर्विरोध निर्वाचित हो चुकी हैं। इस तरह से जिले में पांच ब्लाक प्रमुख की सीट पर भाजपा काबिज हो गई जबकि सपा को एक और निर्दलीय के खाते में आई दो सीट।

बबीना व बामौर की सीटें सियासी समीकरण में उलझीं
झांसी में बबीना वह बामौर में भाजपा ब्लॉक प्रमुुख सीट के सियासी समीकरणों में उलझ गई। इसके चलते बबीना एवं बामौर में पार्टी के भीतर की टूट दिखने लगी है। इन दोनों जगहों में भाजपा कार्यकर्ता ही एक-दूसरे को चुनौती देते मैदान में उतरे। पिछड़ा बाहुल्य बबीना से भाजपा के बृजेंद्र सिंह राजपूत एवं भरत पाल ने दावा ठोंक दिया। इससे बबीना विधायक राजीव सिंह पारीछा का गृह ब्लॉक होने के बावजूद भाजपा यहां से अपना अधिकृत उम्मीदवार तक घोषित नहीं कर सकी। दोनों उम्मीदवार पार्टी के गले की फांस बन गये और दोनों को हार का सामना करना पड़ा। यही हाल गरौठा विधानसभा के बामौर ब्लॉक में भी दिखा। अनुसूचित जाति के लिए सुरक्षित इस ब्लॉक प्रमुख की सीट के लिए दो भाजपा कार्यकर्ताओं मूर्ति देवी एवं चंद्रभान ने दावा ठोंक दिया। अगर इनमें से एक भी नामांकन वापस ले लेता जब भाजपा के खाते में निर्विरोध निर्वाचित सीट की संख्या बढ़ जाती लेकिन, यहां दो अलग-अलग गुटों की आपसी रस्साकस्सी के चलते यह एका संभव नहीं हो सकी।