विधानसभा में कई और समस्याओं से भी कराया गया अवगत
झांसी। बीडा में महानगर से सटे 33 गांव में दूसरी बार भी सर्किल रेट नहीं बढ़ाए जाने का मुद्दा अब विधानसभा के गलियारे में गूंज उठा है। राज्यपाल के अभिभाषण पर चर्चा करते हुए बबीना के विधायक राजीव सिंह पारीछा ने इस मुद्दे को पटल पर रखा।
विधायक राजीव सिंह ने कहा कि बुन्देलखण्ड के गरीब किसानों के हित में सर्किल रेट बढ़ाए जाने चाहिए, जिससे किसानों को उचित मुआवजा मिल सके। उन्होंने सरकार से माँग करते हुए कहा कि बीडा में आने वाले गाँवों की जमीनों के सर्किट रेट को रिवाइज करने की जरूरत है। बुन्देलखण्ड में पलायन व बेरोजगारी रोकने के लिए डिफेंस कॉरिडोर व बुन्देलखण्ड औद्योगिक विकास प्राधिकरण (बीडा) की स्वीकृति युवाओं के हित में दूरदर्शी कदम है।
उन्होंने क्षेत्र की समस्याएं गिनाते हुए बुन्देलखण्ड को सरकार द्वारा दी गईं सौगातों को युवाओं के भविष्य को सँवारने वाला कदम भी बताया। उन्होंने झांसी में हवाई अड्डा, इण्टरनेशनल स्टेडियम, चिरगाँव रेलवे स्टेशन के पास रेलवे ओवर ब्रिज (आरओबी), बरुआसागर नगर में यातायात को व्यवस्थित करने के लिए में साहू कृषि फार्म बरुआसागर नहर से आरामशीन स्टेशन रोड तक बाइपास सम्पर्क मार्ग तथा झांसी-गुरसराय पुराने मार्ग पर बेतवा नदी पर सेतु निर्माण कराने की भी माँग की। चिरगाँव ब्लाक के मड़गुवाँ बिठरी में राजकीय इण्टर कॉलिज की पुरानी माँग को पूरा करने पर जोर दिया।
विधायक ने कहा कि आमजन के मन में यह धारणा थी कि प्रदेश का और कानून व्यवस्था सुधार सम्भव में नहीं है, लेकिन प्रधानमन्त्री नरेन्द्र मोदी व मुख्यमन्त्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली डबल इंजन सरकार ने उत्तर प्रदेश को सुशासन के रूप में नई पहचान दी है। कृषि उत्पादन, दुग्ध उत्पादन, पौधारोपण अभियान, प्रधानमन्त्री जनधन योजना, प्रधानमन्त्री आवास योजना, ग्रामीण व शहरी, अटल पेंशन योजना, कृषि निवेश अनुदान, ग्रामीण स्वच्छ शौचालय निर्माण, ई-मार्केट प्लस योजनाएं, प्रधानमन्त्री उज्ज्वला योजना तथा कृषि वानिकी जैसे विभिन्न क्षेत्रों में उत्तर प्रदेश अब देश में प्रथम स्थान पर है और इन योजनाओं से लोगों के जीवन स्तर में बदलाव आया है।














