बेटे ने पिता को गोली मार कर शव के टुकड़े नीले ड्रम में छिपाये, कुछ बाहर फेंके
लखनऊ। प्रदेश की राजधानी के आशियाना इलाके में रिश्तों को झकझोर देने वाली ऐसी खतरनाक वारदात ने सनसनी फैला दी जिसमें लापता पैथोलॉजी संचालक के शव के टुकड़े उनके ही घर में एक ड्रम के अंदर बरामद हुए। इस जघन्य खौफनाक कृत्य को अंजाम उनके ही पुत्र ने दिया। शुरुआती जांच में सामने आया है कि पढ़ाई और करियर को लेकर पिता-पुत्र के बीच चल रहे तनाव ने इस खौफनाक घटना को जन्म दिया।
मृतक की पहचान वर्धमान पैथोलॉजी के संचालक मानवेंद्र सिंह के रूप में हुई है, जो 20 फरवरी से लापता थे। उनकी गुमशुदगी की रिपोर्ट थाना आशियाना में मानवेंद्र सिंह के पुत्र अक्षत प्रताप सिंह ने पहले ही दर्ज कराई गई थी। पुलिस जांच में सोमवार को सेक्टर एल स्थित मकान नंबर 91 से उनका शव ड्रम में बंद हालत में बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने हत्या की आशंका के आधार पर जांच तेज कर दी। जांच में संदेह होने पर जब सूचनाकर्ता पुत्र से गहराई से पूछताछ की गई तो सभी के होश उड़ गए।
पुलिस के मुताबिक 20 फरवरी की सुबह पिता और बेटे के बीच प्रतियोगी परीक्षा और नीट की तैयारी को लेकर तीखी बहस हुई थी। आरोप है कि विवाद के दौरान पिता ने लाइसेंसी राइफल निकालकर बेटे को डराने की कोशिश की, लेकिन बाद में राइफल एक ओर रख दी। इसी दौरान 19 वर्षीय बेटे अक्षत प्रताप सिंह ने कथित तौर पर राइफल उठाकर पिता के सीने में गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
गोली चलने की आवाज सुनकर घर में मौजूद 16 वर्षीय बेटी नीचे आई। पुलिस के अनुसार, आरोपी ने बहन को धमकाया और घटना की जानकारी किसी को न देने की चेतावनी दी। भय के कारण बहन चुप रही। जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपी ने साक्ष्य मिटाने के लिए शव के आरी से टुकड़े टुकड़े कर नीले ड्रम में छिपा दिये। कुछ अंगों को सदरौना इलाके के पास फेंकने की बात भी सामने आई है।
डीसीपी सेंट्रल विक्रांत वीर के अनुसार, 20 फरवरी को गुमशुदगी दर्ज होने के बाद बेटे अक्षत प्रताप सिंह से गहन पूछताछ की गई, जिसमें उसने सुबह करीब 4:30 बजे विवाद के बाद गोली मारने की बात स्वीकार की। फॉरेंसिक टीम ने मौके से अहम साक्ष्य जुटाए हैं और पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है।
पड़ोसियों के अनुसार, मानवेंद्र सिंह चार दिनों से दिखाई नहीं दे रहे थे, जिससे शक गहराया। पूछताछ में पहले बेटे ने आत्महत्या की बात कही, लेकिन सख्ती के बाद कथित रूप से पूरी घटना उजागर हुई। फिलहाल पुलिस आरोपी को हिरासत में लेकर पूछताछ कर रही है और संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज करने की प्रक्रिया चल रही है।
यह मामला न केवल पारिवारिक तनाव की भयावह परिणति को दर्शाता है, बल्कि यह भी सवाल खड़ा करता है कि प्रतिस्पर्धा और अपेक्षाओं का दबाव किस हद तक युवाओं को मानसिक रूप से प्रभावित कर रहा है। पुलिस हर पहलू की जांच में जुटी है ताकि पूरे घटनाक्रम की सच्चाई सामने लाई जा सके।














