• उत्कृष्ट कार्य करने वाले रेल सुरक्षा बल कर्मी किए गए सम्मानित
• नवनिर्मित सिम्युलेटर,पुस्तकालय और रेनोवेटेड जिम का हुआ उदघाटन
प्रयागराज। रेलवे सुरक्षा बल क्षेत्रीय प्रशिक्षण संस्थान सूबेदारगंज, उत्तर मध्य रेलवे प्रयागराज में रेलवे सुरक्षा बल का 36 वां स्थापना दिवस समारोह महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रमोद कुमार के मुख्य आतिथ्य में आयोजित किया गया। अध्यक्षता उत्तर मध्य रेलवे कल्याण संगठन की अध्यक्षा पूनम कुमार ने की। कार्यक्रम के मुख्य आकर्षण भव्य रेल सुरक्षा बल परेड, डॉग शो, अनआर्म्ड कॉम्बैट कार्यक्रम तथा सांस्कृतिक प्रस्तुतिकरण रहे।

समारोह में सजे धजे प्रांगण में मुख्य अतिथि महाप्रबंधक उत्तर मध्य रेलवे प्रमोद कुमार को भव्य परेड की सलामी दी गयी। समारोह को संबोधित करते हुए महाप्रबंधक ने रेल सुरक्षा बल कर्मियों को स्थापना दिवस की बधाई दी और भविष्य में अपने उत्कृष्ट कार्यों को जारी रखने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने रेल सुरक्षा बल कर्मियों को भारतीय रेल की परिसम्पत्ति की सुरक्षा और ग्राहकों के हित को ध्यान में रखते हुए अपने कार्यों को संपादित करने की बात कही।

मुख्य अतिथि द्वारा महानिदेशक पुरस्कार से पुरस्कृत अधिकारियों एवं जवानों को महानिदेशक प्रशंसा मेडल व प्रशस्ति पत्र प्रदान किया गया। पुरस्कार पाने वाले वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त प्रयागराज मनोज कुमार सिंह, वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त आगरा प्रकाश पंडा, निरीक्षक अमित मीना, उपनिरीक्षक देवेंद्र सोलंकी आगरा, सहायक उपनिरीक्षक रघुराज सिंह आगरा व कांस्टेबल नरेंद्र झांसी प्रमुख रहे।
महानिरीक्षक रेल सुरक्षा बल (प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त) रवींद्र वर्मा ने पुरस्कृत अधिकारियों एवं जवानों को बधाई देते हुए रेल सुरक्षा बल की उपलब्धियों तथा भविष्य का रोडमैप बताया। कोविड काल मे रेल सुरक्षा बल के कार्यों की प्रशंसा भी की।
कार्यक्रम में सर्वप्रथम परेड और उस के पश्चात डॉग शो का आयोजन किया गया। डॉग ‘टॉम’ व ‘जिक्स’ द्वारा मुख्य अतिथि को बुके भेंट किया गया एवं डॉग ‘टॉम’ द्वारा एक्सप्लोसिव खोजने का लाइव डेमो दिया गया। ‘ सुल्तान’ द्वारा हर्डल जम्प व योगाभ्यास का प्रदर्शन किया गया। डॉग शो के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन रेल सुरक्षा बल की महिला कर्मियों द्वारा किया गया। इस दौरान कालबेलिया नृत्य तथा मनोज पांडेय द्वारा मनमोहक वर्दी गीत प्रस्तुत किया गया।
इसी क्रम में महिला जवानों द्वारा बिना हथियारों की लड़ाई, लाठी ड्रिल तथा जलती हुई टाइल्स तोड़ने के भी करतब महिला जवानों द्वारा किया गया। पूरे कार्यक्रम में उत्तर मध्य रेलवे के सभी प्रमुख विभागध्यक्ष, मंडल रेल प्रबंधक प्रयागराज उपस्थित रहे।
इस अवसर पर प्रशिक्षण केंद्र में स्थापित नवनिर्मित सिम्युलेटर, पुस्तकालय रेनोवेटेड जिम का महाप्रबंधक द्वारा उदघाटन किया गया। इसके उपरांत महाप्रबंधक एवं अध्यक्षा महिला कल्याण संगठन सहित अन्य अधिकारियों द्वारा प्रशिक्षण केंद्र में पौधारोपण भी किया गया। कार्यक्रम का संचालन निरीक्षक सुरुचि शर्मा ने किया।

ज्ञात हो कि 20 सितम्बर 1985 को रेल सुरक्षा बल अधिनियम को संशोधित कर रेल सुरक्षा बल को संघ के सशस्त्र बल के रूप में स्थापित किया गया था तभी से वर्ष 1986 से इस दिन को स्थापना दिवस के रूप में मनाया जाता है।