– झांसी में वीरांगना महारानी लक्ष्मी बाई एवं झलकारी बाई की मूर्ति पर किया माल्यार्पण, किले का भ्रमण 

झांसी/ललितपुर। बुंदेलखंड के ललितपुर जिले के कस्बा पाली में खाद की कमी से 4 किसानों के निधन पर उनके परिजनों से मिलकर कांग्रेस पार्टी की राष्ट्रीय महासचिव एवं उत्तर प्रदेश प्रभारी प्रियंका गांधी वाड्रा ने शोक संवेदना प्रकट करने के साथ यह जताने में कसर नहीं छोड़ी कि कांग्रेस किसानों के दुख दर्द की आवाज सुनकर उनके हक की लड़ाई के लिए तत्पर है और भाजपा किसान विरोधी है।

पाली से सड़क मार्ग से झांसी आई प्रियंका ने पार्क स्थित वीरांगना महारानी लक्ष्मी बाई एवं वीरांगना झलकारी बाई की मूर्तियों को माल्यार्पण कर नमन किया। इसके उपरांत उन्होंने लाव-लश्कर के साथ किले का भ्रमण कर उस ऐतिहासिक प्राचीर को भी देखा जहां से वीरांगना महारानी लक्ष्मीबाई ने पीठ पर अपने पुत्र को बांधकर घोड़े से छलांग लगाई थी।

इस मौके पर श्रीमती वाड्रा ने किसानों के मुद्दे पर भाजपा पर हमला बोलते हुए कहा कि किसान महामारी के बाद प्राकृतिक आपदाओं, खाद की कमी, क़र्ज़ आदि से जूझ रहा है और भाजपा सरकार किसानों को मदद के स्थान पर उन्हें कुचलने का काम कर रही है। कांग्रेस किसानों के साथ खड़ी है व उनके लिए संघर्ष कर रही है।
उन्होंने दावा किया कि खाद वितरण का पूरा सिस्टम फेल है। लखीमपुर का जिक्र करते हुए कहा कि अभी देश ने देखा कि किस तरह मंत्री के बेटे ने किसानों को कार से रौंद दिया। वह मंत्री मोदी जी की कैबिनेट में अब भी है। उन्हें बर्खास्त नहीं किया गया। इस मामले की जांच भी मंत्री के विभाग के अंडर में हो रही है। सरकार केवल पूंजीपतियों के लिए काम कर रही है। कांग्रेस किसानों की हक के लिए संघर्ष कर रही है।

इस दौरान कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव प्रदीप नरवाल, संदीप सिंह, पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ठ, राहुल रिछारिया, पूर्व सांसद बृजलाल खाबरी, ज्ञानेंद्र तिवारी एडवोकेट, विवेक बाजपेई एडवोकेट, राजेंद्र शर्मा एडवोकेट, इम्तियाज हुसैन, मनोज तिवारी, सभासद विकास खत्री, कन्हैया कपूर, अब्दुल जाबिर, अरविंद बबलू, शंभू सेन जितेंद्र भदोरिया, भरत राय, अनु श्रीवास्तव, अरविंद रावत, प्रदीप दुबे, अंशु बुधौलिया, अफसर खान, शफीक अहमद मुन्ना, सचिन श्रीवास, अभिषेक दीक्षित, मनीष रायकवार, सिद्धार्थ गौतम, हैदर अली, राजीव, रमाकांत वर्मा, नफीस मकरानी, शिवकुमार खटीक, अरविंद नल बंसी, मजहर अली, अनिल रिछारिया, रंजीत रायकवार, योगेश तिवारी, वासिफ खान, आतिफ इमरोज आदि उपस्थित रहे!

झांसी के बाद प्रियंका वाड्रा दतिया पहुंची। वहां उन्होंने पीताम्बरा पीठ पर जाकर पूजा अर्चना की।