छतरपुर स्टेशन पर हादसा, भीड़ द्वारा स्टेशन पर तोड़ फोड़, स्टेशन मास्टर सहित कर्मचारियों को पीटा

छतरपुर (म•प्र)/ संवाद सूत्र। मध्य प्रदेश के छतरपुर जिले में छतरपुर रेलवे स्टेशन पर खड़े इंजन पर चढ़ कर सेल्फी लेने के चक्कर में 16 वर्षीय एक किशोर की उस समय दर्दनाक मौत हो गई जब वह ओएचई के करण्ट की चपेट में आ गया। इस घटनाक्रम से उत्तेजित भीड़ ने रेल्वे स्टेशन पर तोड़फोड़ कर स्टेशन मास्टर सहित कर्मचारियों से मारपीट कर दी और आरपीएफ स्टाफ मूकदर्शक बना रहा। इस घटना की तहरीर घायल स्टेशन मास्टर व कर्मचारियों ने सिविल लाइन थाना में दे दी है|

छतरपुर शहर के रानी तलैया मस्तानशाह कालोनी का रहने वाले 16 साल का सोहिल अपने दोस्तों के साथ आज सुबह 6 बजे छतरपुर रेल्वे स्टेशन पर घूमने के लिए आया था | तभी उसने अपने एक अन्य दोस्त से मोबाइल मांगा और सेल्फी लेने के लिए रेल्वे स्टेशन पर खड़े इंजन पर चढ़ गया। सोहिल जैसे ही इंजन पर चढ़ा उसका हाथ ओएचई में जा लगा। इसके कारण ओएचई के करण्ट की चपेट में आ गया और उसकी मौके पर मौत हो गई |

घटना के बाद सोहिल के दोस्तों ने 100 डायल एवं पुलिस को फोन किया। आरोप है कि पुलिस घटना स्थल पर दो घंटे बाद पहुंची तब तक मृतक के परिजन रेल्वे स्टेशन पहुंच गए और उन्होंने तोड़फोड़ कर दी | इस दौरान भीड़ ने स्टेशन मास्टर सहित कर्मचारियों की भी जमकर पिटाई कर दी। पीड़ितों का आरोप हैं कि स्टेशन पर मौजूद आरपीएफ स्टाफ तमाशबीन बना रहा।

घटना के बाद सभी कर्मचारी सिविल लाइन थाना शिकायत के लिए पहुंचे है| उन्होंने आरोपियों के खिलाफ तहरीर दे दी है। घायलों का उपचार कराया गया है। उधर, मृतक सोहिल के शव का का पोस्टमार्टम जिला अस्पताल के कराए जाने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है| इस घटनाक्रम को लेकर स्टेशन मास्टर असोसिएशन में रोष है।