Jhansi। झांसी- खजुराहो नेशनल हाईवे पर अचानक मारुति वैन अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकराकर पलट जाने से मासूम बच्चे की जान चली गई व अन्य सवारियां घायल हो गई।

झांसी खजुराहो नेशनल हाईवे पर रास पहाड़िया के नजदीक बने हुए ओवर ब्रिज पर हुई इस दुर्घटना के संबंध में बताया गया है कि चित्रकूट से एक परिवार दर्शन करके वापस अपने घर की तरफ लौट रहा था तभी अचानक ओवरब्रिज पर गाड़ी अनियंत्रित होने से डिवाइडर से जा टकराई। जिसमें गाड़ी में सवार मोहित पुत्र कमल सोनू, रेखा पत्नी जमुना, रोशनी पत्नी रवि शंकर, जमुना पुत्र काशीराम सभी निवासी रानीपुर घायल हो गए। जबकि लगभग डेढ़ साल के मासूम हर्ष की दुर्घटना में मौत हो गई।

सभी घायलों को उपचार हेतु सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर को पहुंचाया गया। जहां से डॉक्टरों ने जमुना की हालत गंभीर होने पर उसे मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया। तो वही मासूम बच्चे को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। बच्चे की मृत होने की जानकारी मिलने पर परिजनों का रो रो कर बुरा हाल हुआ।