राष्ट्रीय मानव अधिकार सेवा संगठन का शपथ ग्रहण समारोह संपन्न
झांसी। राष्ट्रीय मानव अधिकार सेवा संगठन का शपथ ग्रहण समारोह दद्दा ध्यानचंद की टीम के कैप्टन रहे जेके उदैनिया के मुख्य आतिथ्य तथा राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ एम एल शर्मा की अध्यक्षता में संपन्न हुआ, जिसमें राष्ट्रीय संयोजक के रूप में अंचल अडजरिया तथा डायरेक्टर के रूप में संजय बामी ने शपथ ग्रहण की। इस दौरान अतिथि सहित समस्त वक्ताओं ने मानव अधिकारों की रक्षा करने पर जोर दिया।
शपथ ग्रहण समारोह का शुभारंभ मां सरस्वती के चित्र के समक्ष दीप प्रज्वलित कर किया गया। महिला शाखा ने सरस्वती वंदना की प्रस्तुति दी। इस अवसर पर राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. एमएल शर्मा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मानव अधिकारों के विषय पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि यदि किसी नाबालिग बच्चे से मजदूरी कराई जा रही है तो उसके अधिकारों का संरक्षण करना मानव अधिकार संगठन का कर्तव्य है अर्थात जहां विधि न्याय प्रक्रिया भारतीय दंड संहिता का उल्लंघन शुरू होता है वहीं से मानव अधिकार संगठन का कार्य शुरू होता है। भारत के प्रत्येक नागरिक के अधिकारों की सुरक्षा करना और उसके अधिकारों को दिलवाना मानवाधिकार सेवा संगठन का कार्य है।
इस दौरान झांसी जिला कार्यकारिणी की बैठक में जिलाध्यक्ष आरके सहरिया ने वर्ष भर में किए गए कार्यों की रूपरेखा प्रस्तुत की। जिला महामंत्री ने आगामी वर्ष की कार्य योजना प्रस्तुत की। शपथ ग्रहण करते हुए राष्ट्रीय संयोजक अंचल अडजरिया ने कहा कि संगठन द्वारा उन्हें सौंपी गई राष्ट्रीय संयोजक की जिम्मेदारी एक बड़ी जिम्मेदारी है, जिसे वह पूरी निष्ठा और लगन के साथ निभाएंगे। अंचल ने कहा कि मानव अधिकार सेवा संगठन से 10 लाख से अधिक लोग पूरे देश भर में जुड़े हुए हैं और नीति आयोग द्वारा अनुमोदित देश का सबसे बड़ा संगठन है। सारे राज्यों के अंदर मानव अधिकार सेवा संगठन की शाखाएं कार्यरत हैं। उन्होंने बताया कि प्रत्येक माह राष्ट्रीय कार्यसमिति की बैठक आयोजित होगी और प्रदेश कार्यसमिति को भी उन्होंने प्रत्येक माह बैठक आयोजित करने का सुझाव दिया। अंचल ने कहा कि जिला समिति को भी आमजन की समस्या के प्रति सजग रहकर उनके वंचित अधिकारों को दिलाना होगा और भ्रष्टाचार करने वालों को उजागर करना होगा। इस अवसर पर राष्ट्रीय सह संगठन मंत्री कैप्टन राजेश शर्मा, मध्य प्रदेश के अध्यक्ष चंद्र प्रकाश शर्मा, उत्तर प्रदेश के अध्यक्ष सर्वेश पटेल, उर्मिला पटेरिया, सविता शुक्ला, निशा, जानकी, सोनू, आरके दुबे, अशोक ठाकुर, विष्णु अवस्थी, यीशु श्रीवास, विशाल रायकवार, आकाश, एसके अग्निहोत्री सहित संपूर्ण कार्यकारिणी उपस्थित रही। संचालन आरके सहरिया एवं आभार सर्वेश पटेल ने व्यक्त किया।