युवक ने साहस कर चार सहेलियों को डूबने से बचाया

झांसी। जनपद के थाना रक्सा क्षेत्र अंतर्गत ग्राम बाजना में सुआटा खेलने के बाद तलाब में नहाते समय एक लड़की की मौत हो गई जबकि उसकी सहेलियों को बचा लिया गया।

जिले के रक्सा के बाजना गांव में सुआटा के विसर्जन के बाद परम्परागत रूप से सभी लड़कियां गांव के तालाब में नहाने गई थीं। जब सभी लड़कियां तालाब में नहा रहीं थीं। इसी दौरान रूबी पाल (14), पूजा राजूपत (20), सपना परिहार (22) , साधना परिहार (20) और खुशबू राजपूत (17) गहरे पानी में चली गईं। गहरे पानी में जाने सभी लड़कियां डूबने लगीं।

लड़कियों के तालाब में डूबने से चीख-पुकार मच गई। यह देख कर पास में ही तालाब में नहा रहे गांव के ही एक युवक नीलेश ने साहस का परिचय दिया और एक-एक करके चार लड़कियों को बाहर निकाल लिया, लेकिन रूबी पाल को नहीं बचा पाया। रूबी पाल की डूबने से मौत हो गई। सूचना मिलने पर तालाब पर गांव के लोगों की भीड़ एकत्रित हो गयी और रूबी के शव को तालाब से निकाला गया। तालाब पर पहुंची पुलिस ने रूबी पाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया।