“मैराथन दौड़नी है अधिकारी तैयार रहें” – अश्वनी वैष्णव 

नई दिल्ली/ झांसी। देश का बजट 2023-24 को 1 फरवरी को पेश किए जाने के बाद केंद्रीय रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने शुक्रवार को लाइव प्रेस कॉन्फ्रेंस कर  देश में रेलवे के विकास व यात्री सुविधाओं से संबंधित महत्वपूर्ण प्लान व आवंटित बजट के बारे में कई बड़ी जानकारियां शेयर कीं। इसके साथ ही रेल मंत्री ने “मैराथन दौड़नी है अधिकारी तैयार रहें” कहते हुए योजनाओं को समयबद्ध तरीके से पूर्ण करने का अधिकारियों को भी संदेश दिया।

नई पटरियां बिछाने का लक्ष्य अपग्रेड : लाइव कांन्फ्रेंस में रेल मंत्री ने कहा कि वित्त वर्ष 2022-23 में देश में नई पटरियां बिछाने के टारगेट को अपग्रेड कर 12 किमी प्रति दिन कर दिया है। अगले वर्ष तक 7000 किमी नए ट्रैक बिछाने का लक्ष्य रखा गया है। रेल मंत्री ने कहा कि इस काम के पूरा होने से पैसेंजर और फ्रेट मूवमेंट में तुलनात्मक रूप से काफी आसानी होगी।

 बनाए जाएंगे नए डिजाइन अंडरपास व फ्लाई ओवर ब्रिज : रेल मंत्री ने कहा कि रेलवे लाइनों के आसपास/दोनों तरफ बसे गांवों व शहरों को जोड़ने के लिए वर्ष 2014 से लेकर अभी तक कुल 10,438 ब्रिज और अंडरपास बनाए गए हैं। इस काम को तेजी से बढ़ाने के लिए अगले साल के लिए 1000 नए ओवर ब्रिज और अंडरपास बनाने का लक्ष्य रखा गया है। उन्होंने बताया कि नए वित्त वर्ष में बनाए जाने वाले अंडरपास का डिजाइन, पहले बनाए गए अंडरपास के डिजाइन से अलग और नया होगा। रेल अंडरपास में जल भराव की समस्या के समाधान के लिए डिजाइन में जरूरी बदलाव किए जाएंगे। इसी तरह फ्लाई ओवर ब्रिज के डिजाइन में भी परिवर्तन किया जाएगा। इससे दुपहिया वाहन चालकों व पैदल चलने वालों को लम्बा रास्ता तय नहीं करना होगा।

विकास भी विरासत भी : रेल मंत्री ने बताया कि अमृत भारत योजना में स्टेशनों के अपग्रेडेशन का काम किया जा रहा है। 48 स्टेशन पर रीडेवलपमेंट का फिजीकली काम शुरू हो गया है। इसमें विकास भी विरासत भी के कान्सेप्ट के तहत लोकल हेरिटेज को ध्यान में रख कर डिजाइन तैयार किया जा रहा है।

रेलवे स्टेशनों पर खुलेंगे 2 हजार जनसुविधा स्टोर केंद्रीय रेल मंत्री ने मीडिया के साथ बातचीत करते हुए बताया कि देशभर में रेलवे स्टेशनों पर 2 हजार 24×7 जन सुविधा स्टोर खोले जाएंगे, जहां गृह उपयोगी जरूरत का सारा सामान मिलेगा। इन स्टोर पर जन औषधि का भी बिक्रय किया जाएगा। इससे यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

One Station One Product रेल मंत्री ने कहा कि क्षेत्रीय उत्पादों को बढ़ावा देने के लिए One Station One Product प्रोग्राम को 1000 रेलवे स्टेशन तक बढ़ाने के लिए कोशिशें की जाएंगी। प्रोग्राम के अच्छे परिणाम प्राप्त हुए हैं। इसको देखते हुए यह निर्णय लिया गया है।

एक मिनट में बुक हो सकेंगे 2.25 लाख टिकट अश्विनी वैष्णव ने पैसेंजर और टिकटिंग सिस्टम में किए जाने बड़े बदलावों को लेकर भी अहम जानकारी दी। उन्होंने कहा कि फिलहाल एक मिनट में 25 हजार टिकट बनाने की कैपेसिटी है। इसको बढ़ाकर अब 2.25 लाख टिकट प्रति मिनट करने का लक्ष्य तय किया गया है। उन्होंने कहा कि टिकट बुकिंग को लेकर बड़ी रिसर्च हुई है। जिसे ध्यान में रखकर टिकट बुकिंग प्लेटफॉर्म पर कई नए फीचर डाले जाएंगे, जिससे Revamped System से टिकट लेना आसान होगा। इसके साथ ही 4 लाख पूछताछ प्रति मिनट की क्षमता को बढ़ाकर 40 लाख पूछताछ प्रति मिनट करने का लक्ष्य बनाया गया है।

छोटी दूरी की वंदे मैट्रो ट्रेन : उन्होंने कहा कि शहरों में छोटी दूरी तय करने के लिए वंदे मेट्रो ट्रेन लाई जाएगी। इससे यात्रियों के समय व पैसे की बचत होगी। इसके अलावा इस साल दिसंबर तक हाइड्रोजन ट्रेन भी पटरियों पर लाने का प्लान है।

2023-24 में 325 ट्रेनों में लगाए जाएंगे LHB कोच
रेल मंत्री ने बताया कि इस साल करीब 250 ट्रेनों से पुराने ICF कोच को हटाकर राजधानी एक्सप्रेस वाले स्टैंडर्ड LHB कोच लगाए गए हैं। उन्होंने कहा कि अलगे वित्त वर्ष इस काम में तेजी लाई जाएगी और 325 ट्रेनों को LHB कोच के साथ अपग्रेड किया जाएगा। इतना ही नहीं, अगले 3 साल के अंदर सभी ट्रेनों को LHB कोच के साथ अपग्रेड कर दिया जाएगा।

बुलेट ट्रेन के रोलिंग स्टॉक के लिए जारी होगा टेंडर : अश्विनी वैष्णव ने बताया कि इस वर्ष सितंबर तक स्लीपर वंदे भारत ट्रेन को पटरियों पर उतारने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा, रेल मंत्रालय इस साल बुलेट ट्रेन के रोलिंग स्टॉक के लिए टेंडर भी जारी करेगा। इसके साथ ही अगले दो साल यानी दिसंबर 2024 तक कवच का 5G वर्जन भी आ जाएगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने दावा किया कि 3 वर्ष में रेलवे बड़ा एक्सपोर्टर बन कर उभरेगा।

रेल बजट में झांसी मंडल को प्राप्त बजट
रेल मंत्री की वार्ता के उपरांत झांसी मंडल रेल प्रबंधक आशुतोष ने रेल बजट में झांसी मंडल को प्राप्त बजट से सम्बंधित विस्तृत जानकारी मीडिया से साझा की तथा उनकी शंकाओं का निवारण किया | मंडल को प्राप्त बजट सम्बंधित प्रमुख बिंदु निम्नानुसार हैं….
• ग्वालियर-शेयोपुरकलां आमान परिवर्तन हेतु रु. 660 करोड़ का वित्त आबंटित किया गया है |
• झाँसी-भीमसेन दोहरीकरण के अंतिम चरण के शेष कार्य हेतू रु. 50 करोड़ का वित्त आबंटित किया गया है |
• झांसी-बीना के मध्य तीसरी लाइन हेतु रु.150 करोड़ वित्त का आवंटन किया गया है |
• मथुरा-झाँसी तीसरी लाइन हेतु इस वर्ष रु. 846 करोड़ का वित्त रखा गया है |
• ललितपुर-बिरारी रेल लाइन (फ्लाईओवर सहित) कुल रु. 129 करोड़ का वित्त आबंटित किया गया है |
• दैलवारा-बिरारी कोर्ड लाइन को रु. 41 करोड़ प्राप्त हुआ है |
• झाँसी-मानिकपुर तथा खैरार –भीमसेन रेल खंड को रु.550 करोड़ आबंटित किया गया है |

इस अवसर पर जनसंपर्क अधिकारी मनोज कुमार सिंह तथा मुख्य जनसंपर्क निरीक्षक प्रदीप सुडेले भी उपस्थित रहे |