पूर्वोत्तर के छात्र जानेंगे बुंदेलखंड की संस्कृति- मनेंद्र सिंह गौर
अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद द्वारा 3 से 6 फरवरी तक होंगे विभिन्न कार्यक्रम
झांसी। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य मनेंद्र सिंह गौर ने बताया कि राष्ट्रीय एकात्मक यात्रा के अंतर्गत प्रत्येक वर्ष की भांति इस बार भी पूर्वोत्तर के सैकड़ों छात्र उत्तर एवं दक्षिण भारत के अनेक राज्यों की संस्कृति से परिचित होंगे। इसी क्रम में झांसी में 30 छात्रों का दल 3 से 6 फरवरी तक रहेगा। यह छात्र झांसी के अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओंके बीच रह कर यहां के संस्कार और संस्कृति से परिचित होंगे। उन्होंने बताया कि सन 1965 में राष्ट्रीय एकात्मक यात्रा का प्रारंभ हुआ था।
उन्होंने बताया 4 फरवरी को दल के सभी छात्र बुंदेलखंड विश्वविद्यालय का भ्रमण करने के उपरांत कुलपति प्रोफेसर मुकेश पाण्डेय से मुलाकात करेंगे। इसके पश्चात शाम को रानी लक्ष्मी बाई किले के इतिहास से इनका परिचय होगा। 5 तारीख को बरुआसागर में ग्रामीणों एवं किसानों के साथ कृषि एवं ग्रामीण क्षेत्र के अन्य विषयों पर परस्पर संवाद कार्यक्रम रहेगा। 6 तारीख को बुंदेलखंड महाविद्यालय में नागरिक अभिनंदन कार्यक्रम आयोजित किया जाएगा। जिसमें पूर्वोत्तर के आए सभी छात्रों को सम्मानित किया जाएगा। इसके बाद रानी लक्ष्मीबाई केंद्रीय कृषि विश्वविद्यालय में प्राकृतिक खेती एवं छात्र संवाद कार्यक्रम का आयोजन होगा। प्रेस वार्ता में जिला संयोजक सुष्मिता सिंह, सह संयोजक हर्ष जैन, महानगर मंत्री हर्ष कुशवाहा, सह मंत्री वर्षा मिश्रा उपस्थित रहे।