झांसी। जिले के थाना रक्सा क्षेत्र अंतर्गत राजापुर में एक किसान ने क़र्ज़ के बोझ तले दब कर मौत को गले लगा लिया। इससे घर में कोहराम मचा हुआ है।
बताया गया है कि राजापुर गांव निवासी किसान कल्याण सिंह यादव (36) शुक्रवार सुबह परिवार के लोग खेत पर गए थे। घर में कल्याण अकेला था। उसी दौरान कल्याण ने अंदर के कमरे में जाकर पंखे में साड़ी का फंदा बनाकर फांसी लगा ली। दोपहर करीब दो बजे परिवार के लोग जब वापस लौटे तब कमरा अंदर से बंद था। परिजनों ने दरवाजा खुलवाने की कोशिश की। दरवाजे के न खुलने पर उन लोगों ने खिड़की से अंदर देखा तब कल्याण का शव फंदे से लटका दिखा।
सूचना मिलने पर ग्राामीण पहुंच गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को फंदे से नीचे उतारा। मृतक के भाई अरविंद के अनुसार पिता नाथूराम काफी बीमार रहते थे। उनका इलाज चल रहा था। उनके इलाज के लिए कल्याण ने काफी पैसा उधार लिया था। पिता की पांच एकड़ जमीन पर केसीसी बनाकर उसमें भी कर्ज लिया था। पिता की पिछले साल मौत हो गई लेकिन, कल्याण कर्ज चुका नहीं पा रहा था। इससे वह परेशान रहता था। संभवतः क़र्ज़ के बोझ तले दबने से उसने आत्महत्या कर ली। मृतक किसान के परिवार में पत्नी रानी समेत बेटा सिद्घांत (9) एवं बेटी गुनगुन (7) हैं। उसने दोनों बच्चों को अच्छी शिक्षा दिलाने के लिए सीपरी बाजार में किराए पर कमरा लिया हुआ था। यहां पत्नी एवं बच्चे रहते थे।