– पत्नी कर रही मौत से संघर्ष 

झांसी। जिले के कोतवाली मऊरानीपुर थाना क्षेत्र के ग्राम स्यावरी कोटरा में मानसिक रूप से परेशान युवक ने कमरे में जहर खा कर आत्महत्या कर ली तो पति की हालत देख पत्नी ने भी जहर खा लिया। महिला की हालत चिंताजनक बताई जा रही है। इस घटनाक्रम से परिवार में कोहराम मचा है।
गांव स्यावरी कोटरा निवासी किसान भरत लाल सेन (27)  ससुराल में शादी समारोह में शामिल होकर विगत दिवस घर आ गया था। उसके एक दिन बाद पत्नी मुन्नो देवी मायके में शादी की अन्य रस्में कर ससुराल लौट आई थी। गत रात्रि में किन्हीं कारणों के चलते भरत लाल ने विषाक्त पदार्थ खा लिया। जिससे उसकी हालत बिगड़ गई। यह देख पत्नी मुन्नो भी घबरा गई और उसने भी विषाक्त खाकर जान देने का प्रयास किया। जब काफी देर दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजनों को शंका हुई। उन्होंने कमरे में जाकर देखा दोनों गंभीर हालत में पड़े थे। जिससे परिजन घबरा गए।

आनन-फानन में दोनों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र मऊरानीपुर लेकर पहुंचे। जहां हालत नाजुक होने पर डॉक्टरों ने मेडिकल कॉलेज झांसी भेज दिया। वहां भरतलाल को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। मुन्नो को गंभीर हालत में उपचार हेतु भर्ती कर लिया गया। पुलिस ने भरत लाल के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। परिजनों से बातचीत में पता चला कि भरत लाल मानसिक रूप से परेशान था।

मृतक के परिजनों की मानें तो भरतलाल खेती-किसानी करता था। वह मानसिक रूप से परेशान भी था। उसका इलाज भी चल रहा था। बताया, करीब छह साल पहले उसकी शादी मुन्नो देवी से हुई थी। कुछ दिनों पहले भरत पत्नी मुन्नो को लेकर ससुराल में शादी में गया था और दूसरे दिन वापस आ गया। लेकिन, मुन्नो उसके एक दिन बाद घर लौट थी। इस बीच क्या हुआ कुछ पता नहीं? घर में कोई बातचीत भी नहीं हुई थी।