झांसी। जिले के थाना टोड़ीफतेहपुर क्षेत्रान्तर्गत मोहल्ला बड़ागंज में शौच के बहाने निकले युवक ने फांसी लगाकर जान दे दी। तड़के उसका शव खेत पर पेड़ में फंदे पर लटका मिला। आत्महत्या का कारण स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस द्वारा जांच की जा रही है।

टोड़ीफतेहपुर के मोहल्ला बड़ागंज निवासी स्वामी प्रसाद कुशवाहा का 20 वर्षीय पुत्र पंकज कुशवाहा गत देर रात  शौच की कहकर घर से निकला था और फिर वापस लौट कर नहीं आया। परिजनों ने रात में उसकी तलाश की लेकिन कहीं पता नहीं चला। तड़के लगभग 3.30 बजे उसका शव खेत पर पेड़ के सहारे रस्सी से लटका मिला।

यह देख कर परिवार में कोहराम मच गया। खबर फैलते ही आनन-फानन में काफी संख्या में ग्रामीण एकत्र हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से शव से फंदे से उतरवाया और पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया। जांच पड़ताल में खुदकुशी का कारण पता नहीं चल सका है।