– 1 जुलाई से उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल का भ्रष्ट अफसरों के खिलाफ हल्ला बोल आंदोलन

झांसी। उद्योग व्यापार प्रतिनिधि मंडल उत्तर प्रदेश के प्रदेश अध्यक्ष लोकेश अग्रवाल ने आरोप लगाया कि प्रदेश में जीएसटी के नाम पर छापेमारी कर व्यापारियों को डराया जा रहा है। जीएसटी पोर्टल पर व्यापारियों का पूरा लेखा-जोखा होते हुए भी सर्वे के नाम पर उत्पीड़न किया जा रहा है। जबकि जीएसटी पोर्टल का फेलियर अधिकारियों के भ्रष्टाचार के ही परिणाम का परिचायक है।

झांसी दौरे पर आए प्रदेश अध्यक्ष ने यहां मीडिया से रूबरू होते हुए बताया कि भ्रष्ट अधिकारियों की साजिश से बनी चंद बोगस फर्म पर पूरे व्यापारी जगत को सर्वे छापे के नाम पर अपमानित किया जा रहा है जिसे व्यापार मंडल बर्दाश्त नहीं करेगा 1 जुलाई से भ्रष्ट अधिकारियों को बेनकाब करने के लिए व्यापार मंडल द्वारा हल्ला बोल अभियान चलाया जाएगा जिसमें भ्रष्ट अधिकारियों को बेनकाब करने व सबक सिखाने का काम व्यापार मंडल करेगा। एक सवाल के जवाब में उन्होंने स्पष्ट किया कि केंद्र और प्रदेश की डबल इंजन की सरकार प्रदेश में भ्रष्टाचार रोकने में नाकाम हो रही है। भ्रष्ट अधिकारी व्यापारियों का उत्पीड़न कर भय का वातावरण बना रहे हैं।

उन्होंने बताया कि जीएसटी की तरह ही फ़ूड एक्ट के नाम पर भी व्यापारियों के साथ अन्याय किया जा रहा है।फूड एक्ट में आ रही कठिनाइयों के लिए एक ज्ञापन 20 जून को संपूर्ण उत्तर प्रदेश से केंद्र सरकार को भेजा जाएगा जिसमें व्यापारी समस्याओं को समाप्त करने की मांग की जाएगी। मल्टीनेशनल कंपनी व कॉर्पोरेट घरानों के सीलबंद माल में व्यापारियों को अपराधी घोषित करना बंद नहीं हुआ तो सड़कों पर उतर कर बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

उन्होंने बताया कि प्रदेश के मुख्यमंत्री इन्वेस्टर मीट कर कर प्रदेश में व्यापार को बढ़ाने की बात करते हैं वहीं बिजली विभाग के अधिकारी 50 किलो वाट तक के औद्योगिक कनेक्शन पर ट्रांसफार्मर के लिए लाखों रुपए व्यापारी से चार्ज करने का काम कर रहे हैं। मुख्यमंत्री से समय लेकर उक्त विषय उनके सम्मुख रखा जाएगा और व्यापारी विरोधी ऐसे आदेश को वापस कराने का काम व्यापार मंडल करेगा। उन्होंने बताया कि झांसी में सभी पदाधिकारियों के साथ बैठक कर व्यापार मंडल की सभी इकाइयों को दुरुस्त करने का काम किया जाएगा तथा सितंबर माह में एक भव्य विशाल व्यापारी सम्मेलन का आयोजन किया जाएगा।

वार्ता के दौरान राघव वर्मा प्रदेश उपाध्यक्ष, संजय अग्रवाल प्रदेश उपाध्यक्ष, नीरज स्वामी बुंदेलखंड अध्यक्ष, दीपक वशिष्ठ बुंदेलखण्ड वरिष्ठ महामंत्री, संजीव अग्रवाल बुंदेलखंड संयोजक, पवन गुप्ता मंडल वरिष्ठ महामंत्री, कुणाल सिंघल मंडल अध्यक्ष, अंजली दत्ता जिला अध्यक्ष महिला, श्रुति चड्डा महामंत्री महिला, हैप्पी चावला संयोजक जिला, मोहम्मद वसीम कुरेशी महामंत्री, अनिल अग्रवाल जिला कोषाध्यक्ष, अंकुर जैन जिला ऑडिटर, नितेश अग्रवाल, महेंद्र बिजौली, विवेक यादव, अमित साहू, नवीन यादव आदि मौजूद रहे।