झांसी। झांसी मेडिकल कालेज में उपचार के दौरान एक युवक ने दम तोड़ दिया तो परिजनों ने वार्ड ब्याय की लापरवाही को मौत का जिम्मेदार ठहराते हुए हंगामा किया। इस दौरान हमले में वार्ड ब्याय का सर फोड़ दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। वार्ड बॉय को इमरजेंसी वार्ड में भर्ती कराया गया है। उधर, मरीज के परिजनों ने भी मेडिकल अस्पताल में जमकर हंगामा किया। मौके पर पहुंची पुलिस आरोपियों को पकड़ कर ले गई।

झांसी में शहर कोतवाली अंतर्गत गुदरी निवासी रोहित सेन को किडनी में बीमारी थी। उसे झांसी मेडिकल कालेज में उपचार हेतु 15 दिन पहले भर्ती कराया गया था। जहां उसका लगाता इलाज चल रहा है। शुक्रवार की दोपहर डायलिसिस कराने के लिए उसे वार्ड नंबर 6 से वेंटिलेटर रूम में शिफ्ट किया गया। इसी दौरान उसकी मौत हो गई। जैसे ही इसकी जानकारी परिजनों को हुई तो उन्होंने हंगामा कर दिया।

तीमारदार वार्ड बॉय मनोज वर्मा को ढूंढते हुए पुरानी बिल्डिंग में पहुंच गए। यहां से उसे घसीट कर नई बिल्डिंग में ले आए। यहां तीमारदारों ने मिलकर मनोज की बुरी तरह पिटाई शुरू कर दी। हाथ में पहने कड़े से उसका सर फोड़ दिया। इससे मनोज खून से लथपथ होकर गिर पड़ा। इसके बाद मेडिकल कॉलेज में हंगामा होने लगा।

सूचना मिलने पर मेडिकल कॉलेज के गार्ड भी पहुंच गए। थोड़ी देर में नवाबाद पुलिस भी आ गई। दो युवकों को पुलिस पकड़ कर थाने लाई। उधर, रोहित के परिजनों ने रोते बिलखते अस्पताल में हंगामा शुरू कर दिया। मृतक रोहित की पत्नी पूजा का आरोप है कि जब उसके पति को शिफ्ट किया जा रहा था तभी वार्ड व्याय की लापरवाही के कारण उनकी मौत हो गई।