झांसी। ऑल इण्डिया प्रोफेशनल काँग्रेस के आव्हान पर जिला काँग्रेस कमेटी के तत्वावधान में ऑल इण्डिया प्रोफेशनल काँग्रेस झाँसी चैप्टर की नव नियुक्त कार्यकारणी का सम्मान, मार्गदर्शन एवं उनकी भूमिका की समीक्षा की गई।

इस दौरान नव नियुक्त प्रदेश समन्वयक डॉ0 आकांक्षा रिछारिया एवं झाँसी चैप्टर की अध्यक्ष सजनीता परवार, उपाध्यक्ष राहुल शर्मा, सचिव अनु श्रीवास्तव सहित समस्त पदाधिकारियों को सम्मानित किया गया। इसके उपरान्त उनके पद के दायित्वों की जानकारी दी गई साथ ही संगठन के विस्तार तथा भविष्य की रणनीति पर भी गहन चर्चा की गई।
मुख्य अतिथि उत्तर प्रदेश काँग्रेस कमेटी के महासचिव राहुल रिछारिया ने कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि यह संगठन मूल रूप से देश में प्रगतिशील राजनीति को प्रोत्साहित करता है। यह बुद्धिजीवियों का एक मजबूत संगठन है जिसमें उद्योगपति, साइंटिस्ट, वकील, डॉक्टर, इंजीनियर, शिक्षक, सामाजिक कार्यकर्ता सभी एक मंच पर उपस्थित होकर कांग्रेस की मजबूती एवं देश की प्रगति में योगदान पर चर्चा करते हैं। भारत की राजनीति एवं सामाजिक ढांचे में ऑल इण्डिया प्रोफेशनल कांग्रेस का उदय एक नव जागरण है। बस लोगों को इसके बारे में सही जानकारी उपलब्ध करायें, उनकी समस्याओं के लिए लड़ें एवं संगठन का विस्तार करें।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष मनोज गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस देश के सभी वर्गों को साथ लेकर चलना चाहती है। शोषित वर्ग के लिए हम हमेशा लड़े हैं और लड़ते रहेंगे पर देश में कई मध्यम वर्गीय नौकरी पेशा, उद्योगपति, व्यापारी भी हैं जिनकी समस्याओं का समाधान करना भी हमारा परम कर्त्तव्य है। इसी उद्देश्य के चलते ऑल इण्डिया प्रोफेशनल कांग्रेस का गठन किया गया था। अब इसे एक विस्तृत आकार प्रदान करना है।
संचालन ऑल इण्डिया प्रोफेशनल काँग्रेस की प्रदेश समन्वयक डॉ0 आकांक्षा रिछारिया ने किया। इस दौरान कार्यकारणी के मनीष नेवालकर, अभिनव सक्सेना, भावना सिंह, अनु श्रीवास्तव, गौरव त्रिपाठी, डॉ0 प्रणव त्रिपाठी, पूजा अग्रवाल, प्रणय श्रीवास्तव, राज कुमार फौजी, मुनीष गर्ग, अरूणिमा गर्ग, मो0 शाहिद उपस्थित रहे।