– बचने के लिए खूब लड़ी किशोरी, शरीर पर मिली चोटें 

झांसी। जिले के बबीना थाना क्षेत्र में गोंची खेड़ा आदिवासी बस्ती के निकट सूनसान में झाड़ियों में गड्ढे में शुक्रवार को मिली किशोरी की अर्द्धनग्न लाश प्रकरण में पुलिस को कई अहम सुराग मिले हैं। किशोरी के शरीर पर मिली चोटों से अंदाजा लगाया जा रहा है कि उसने हत्यारों से बचने के लिए संघर्ष किया। इस मामले में लव एंगल पर भी पुलिस जांच कर रही है।
दरअसल, किशोरी गोंची खेड़ा आदिवासी बस्ती स्थित अपने घर से गुरुवार की शाम छह बजे निकली थी, इसके बाद वापस नहीं लौटी। शुक्रवार की सुबह उसकी अर्द्धनग्न लाश आदिवासी बस्ती से लगभग सौ फीट दूर झाड़ियों में एक गड्ढे में पड़ी मिली। किशोरी का सिर कुचला हुआ था, जबकि शरीर पर भी चोट के कई निशान थे, जिनसे खून बह रहा था। शरीर पर जो कपड़े बचे थे, वह भी फटे हुए थे। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि घटना के दौरान किशोरी ने बचाव के लिए हत्यारों से जबरदस्त संघर्ष किया। आरोपियों ने उसके सिर पर पत्थर पटक दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घटना को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गए।

सहेली से हुई पूछताछ 

बताया गया है कि किशोरी को घर से निकलने के बाद गांव के कुछ लोगों ने बस्ती में रहने वाली उसकी सहेली के साथ देखा था। वह दोनों शौच के लिए जा रहीं थीं। किशोरी के गायब होने के बाद उसके परिजन सहेली के घर भी पहुंचे थे। लेकिन, उसने साफ मना कर दिया था कि वह किशोरी के साथ नहीं गई थी। पुलिस उसकी सहेली से पूछताछ कर रही है, किंतु कुछ खास हाथ नहीं लगा है।

प्रेम त्रिकोण भी आ रहा है सामने

पुलिस की पड़ताल में सामने आया कि किशोरी की एक साल पहले शादी तय हो चुकी थी। इसके बाद भी उसकी एक युवक से बात होती थी। किशोरी के पास फोन नहीं था। इस पर वह सहेली के फोन से युवक से बात करती थी। पुलिस को शव के पास से एक युवक के दो पासपोर्ट साइज फोटो भी मिले हैं।