झांसी। जिले के प्रेम नगर थाना क्षेत्र में रेलवे कालोनी के जंगल में बोरे में बंधी मिली महिला की लाश की 24 घंटे में ही शिनाख्त हो गई। शिनाख्त करते हुए बेटे ने बताया कि मृतका कई अनैतिक कार्यों में लिप्त थी। आशंका है कि इसी कारण उनकी मौत हो गई। पुलिस ने इस मामले में कुछ लोगों को हिरासत में भी लिया है जिनसे पूछतांछ की जा रही है।

रविवार को झांसी में प्रेमनगर थानान्तर्गत रेलवे कालोनी के पास जंगल में बोरे के अंदर लगभग 50 वर्षीय महिला की लाश मिली थी। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजकर शिनाख्त कराने का प्रयास शुरु कर दिया। लगभग 24 घंटे में ही पुलिस ने शव की शिनाख्त कराने में कामयाबी हासिल कर ली। पोस्टमार्टम घर पहुंचे बेटे ने शिनाख्त करते हुए मृतका का नाम मीना अहिरवार निवासी मछली मंडी डड़ियापुरा झांसी बताया। उसकी पहली शादी महरौनी में रहने वाले उत्तम के साथ हुई थी। जिससे तीन बच्चे हैं। करीब 18 साल पहले उसकी मां राजकुमार नाम के व्यक्ति से प्यार कर बैठी और सबकुछ छोड़कर आ गई थी। कोविड में राजकुमार की मौत हो गई। इसके बाद वह अकेली रहती थी और कई अनैतिक कार्यों में लिप्त थी। जिस कारण उनका भी उनसे कोई खास सम्बंध नहीं था। उनकी हत्या किसने और क्यों व कैसे की उसे इसकी जानकारी नहीं है।

पुलिस द्वारा मामले की छानबीन की जा रही है। इसी क्रम में पुलिस ने कई लोगों को हिरासत में लिया। जिसमें मृतका के काफी नजदीक बताए गए। पुलिस द्वारा पूछतांछ की जा रही है।