झांसी। पेशे से कारपेंटर ने प्रेम विवाह किया औऱ मेहनत मजदूरी क़र अपनी पत्नी को खूब पढ़ाया-लिखाया। ज़ब सरकारी नौकरी लग गयी तो पत्नी ने उसका साथ छोड़ दिया। हद तो तब हो गयी ज़ब पत्नी उसके साथ शादी होने की बात से ही मुकर गयी। अब परेशान पति पुलिस से न्याय के लिए दर-दर भटक रहा है।

झांसी के शहर कोतवाली क्षेत्र निवासी एक व्यक्ति ने बताया कि उसके घर से कुछ दूर रहने वाली एक युवती से प्रेम प्रसंग था। जब इसकी जानकारी उनके परिजनों को हुई तो उन्होंने विरोध किया। जिस पर दोनों ने ओरछा मंदिर में जाकर शादी कर ली। शादी के बाद दोनों साथ रहने लगे। पत्नी ने पढ़ने की इच्छा जाहिर की। जिस पर पति ने उसकी इच्छा का मान रखते हुए दिन रात काम कर पत्नी को पढ़ाना शुरु कर दिया। पत्नी ने भी पढाई की और कई प्रतियोगी परीक्षाओं में शामिल हुई। यह सिलसिला जारी रहा लेकिन उनके प्यार में कोई कमी नहीं आई। जनवरी 2024 में पत्नी का लेखपाल की नौकरी के लिए चयन हो गया। वह सरकारी नौकरी करने लगी।

आरोप है कि सरकारी नौकरी लगते ही उसके तेवर बदल गये और वह पति से झगड़ा करने के बाद अपने परिजनों के पास पहुंच गई। पति ने वापस घर लाने के लिए उसे काफी समझाया लेकिन उसने एक नहीं सुनी। पति ने अपना वैवाहिक जीवन बचाने के लिए कोतवाली पुलिस से शिकायत की। पुलिस ने दोनों पक्षों को थाने बुलाया, लेकिन पत्नी ने वापस जाने से इंकार कर दिया।

आरोप है कि उसने न केवल इंकार किया बल्कि उसकी शादी भी हुई इस बात से भी मुकर गई। जब पुलिस ने पति से मैरिज सर्टिफिकेट मांगा तो वह नहीं दिखा पाया। अब पति मायूस होकर न्याय के लिए इधर-उधर भटक रहा है। उसे उम्मीद है कि उसका प्यार वापस लौटेगा।