सांसद का महिलाओं को सशक्त बनाने व स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए महत्वपूर्ण कदम
झांसी। मंगलवार सांसद अनुराग शर्मा ने अपने आवास पर झांसी की गरीब असहाय महिलाओं को नि : शुल्क सिलाई मशीन वितरित की। उन्होंने यह कार्यक्रम झांसी क्षेत्र की असहाय एवं गरीब महिलाओं को सशक्त बनाने और उनको स्वरोजगार के अवसर प्रदान करने के लिए आयोजित किया।
इस अवसर पर सांसद अनुराग शर्मा ने कहा भाजापा सरकार महिला सशक्तिकरण के लिए अनेकों कार्यक्रम चलाती है। सशक्त और समृद्ध महिला प्रधानमंत्री की संकल्पना है और इसी संकल्प को पूरा करने के लिए प्रधानमंत्री महिला सशक्तिकरण के लिए अनगिनत कार्य करते चले जा रहे हैं। इसी दिशा में झांसी क्षेत्र की असहाय व गरीब महिलाओं को स्वरोजगार प्रदान करने एवं सशक्त करने हेतु निशुल्क सिलाई मशीन वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया था जिसके माध्यम से अब कई गरीब बहनों को उनका नया रोजगार प्राप्त हो सकेगा। उन्होंने कहा हमारी सरकार में केवल नारी उत्थान नहीं, नारी के नेतृत्व में विकास की दृष्टि बीते चंद वर्षों में राष्ट्र की नीति बनी है। इसी नीति को अब वैश्विक एजेंडा बनाने के साथ ही भारत का नए संसद भवन में प्रवेश, भारत की नारी शक्ति के लिए विशेष अवसर बना। दशकों से लंबित विधायिका में महिला आरक्षण के सपने को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संकल्प ने यथार्थ में बदला तो आम सहमति के नाम पर लटकने वाला बिल संसद के विशेष सत्र में केंद्र सरकार के साहसिक निर्णय, दृढ़ निश्चय और ईमानदार पहल से सहजता से कानून बन गया। अब लोकसभा-विधानसभाओं में 33 प्रतिशत महिला आरक्षण का मार्ग हुआ प्रशस्त।