झांसी। जमीन बेचने के लिए घर से निकले युवक का शव तीन दिन बाद कुएं में मिलने से हड़कम्प मच गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। हत्या व आत्महत्या में उलझी मौत की पुलिस छानबीन कर रही है।

थाना बबीना क्षेत्र अंतर्गत सिमरावारी निवासी करीब 33 वर्षीय राजू राजपूत पुत्र स्व. रामशरण राजपूत ट्रैक्टर चालक है। वह हिस्से में मिली अपनी जमीन को बेचना चाहता था जबकि पत्नी इसका विरोध कर रही थी। जिसको लेकर उनके बीच झगड़ा होता था। करीब 3-4 दिन पहले वह घर से जमीन बेचने के लिए कह कर निकाला था। इसके बाद लौटकर घर वापस नहीं आया। काफी देर इंतजार करने के बाद भी उसका कोई पता नहीं चल रहा था। जिस पर परिजनों ने उसकी खोजबीन शुरु कर दी।

खोजबीन के दौरान खजराहा गांव के रहने वाले लोगों के माध्यम से उन्हें पता चला कि कुएं में एक युवक का शव उतरा रहा है। यह सुनकर वह मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को जानकारी दी। पुलिस ने शव को कुएं से बाहर निकलवाया। शव को कुएं से बाहर निकलने के बाद उसकी राजू के रुप में शिनाख्त हुई।

वह कुएं में किन परिस्थितियों के चलते गिर गया यह स्पष्ट नहीं हो सका। घटना की पृष्ठभूमि में जमीन की बिक्री चर्चा में है। फिलहाल पुलिस ने शव को कब्जे में लिया और पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। राजू राजपूत के दो बच्चे हैं। जिसमें एक लड़का और एक लड़की है। परिवार में कोहराम मच गया है।