Oplus_131072

दूल्हा दुल्हन सहित 35 बराती घायल 

Oplus_131072

झांसी। झांसी-कानपुर हाईवे पर थाना मोंठ क्षेत्र अंतर्गत गुरु देव ढाबा के निकट बारातियों से भरी बस को पीछे से आ रहे ट्रक ने टक्कर मार दी। इसमें दूल्हा-दुल्हन सहित लगभग 35 बराती घायल हो गए। इसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई। बस में लगभग 48 लोग सवार थे। घायलों को इलाज के लिए झांसी मेडिकल कॉलेज भेज दिया गया है।

दरअसल, कानपुर से बस से बारात झांसी आई थी। दुल्हन को विदा करवा कर बाराती बस से शुक्रवार को वापस कानपुर जा रहे थे। बस में दूल्हा दुल्हन सहित 48 बराती सवार थे। जैसे ही बस झांसी जनपद के मोठ थाना क्षेत्र में कानपुर हाईवे पर गुरुदेव ढाबा के पास पहुंची तभी पीछे से आ रहे ट्रक ने बस में टक्कर मार दी।

इस घटना क्रम में बस में सवार एक व्यक्ति की मौत तथा कई घायल हो गए। घटना की सूचना पर पहुंची मोठ थाना पुलिस ने सभी घायलों को उपचार के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया। इसमें गंभीर घायल को झांसी मेडिकल कॉलेज रेफर कर भर्ती कराया। हादसे में दूल्हा-दुल्हन को भी हल्की चोट लगी है।

मोंठ सीओ हरिमोहन सिंह ने बताया कि मृतक का नाम रमेश (चालीस वर्ष) निवासी कानपुर बताया जा रहा है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। इस मामले में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।