पुलिस की गाड़ी आते ही भागे चोर, नगदी लेकर हुए फरार
झांसी। जिले में रक्सा क्षेत्र में थाने से लगभग सौ मीटर दूर शुक्रवार देर रात चोरों ने तीन दुकानों को निशाना बनाया। इनमें से दो दुकानों से चोर नगदी लेकर फरार हो गए, जबकि पुलिस की गाड़ी आते देख चोर मौके से भाग निकले और एक दुकान पर चोरी का प्रयास असफल रहा।
दरअसल, रक्सा क्षेत्र में विनोद कुमार मिश्रा और सुनील कुमार खरे की परचून की दुकानें थाने के पास हैं, जबकि मनीष वर्मा की दुकान राजपुर रोड पर है। ये सभी थोक विक्रेता हैं। सुबह जब दुकानदार अपनी दुकानें खोलने पहुंचे, तो सबसे पहले मनीष वर्मा ने अपनी दुकान का ताला टूटा देखा। चोर ईंट फंसा कर दुकान में घुसे और गुल्लक तोड़कर 15,000 रुपये से अधिक की नगदी चुरा ले गए।
इसी तरह चोरों ने थाने के नजदीक सुनील कुमार खरे की दुकान को भी निशाना बनाया। यहां से गुल्लक तोड़कर 8,000 रुपये चुरा ले गए। वहीं, विनोद कुमार मिश्रा की दुकान में भी चोरी का प्रयास किया गया। चोरों ने दुकान की सतह टेढ़ी कर दी थी, लेकिन इसी दौरान पुलिस की गाड़ी आते देख वे भाग खड़े हुए।
पुलिस की गाड़ी के वापस जाने के बाद चोरों ने दोबारा चोरी का प्रयास किया, जिसका एक सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। सभी दुकानदारों ने रक्सा थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस से तत्काल कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल पुलिस द्वारा सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। ख़बर लिखे जाने तक चोरों का सुराग नहीं लगा था।














