झांसी। जिले में बड़ागांव थाना क्षेत्र अंतर्गत लेवा गांव में किशोरी ने फंदे से लटक कर जान दे दी। बुधवार सुबह कमरे में उसका शव लटका देख भाभी की चीख निकल गई। युवती की मौत से परिवार में कोहराम मचा है।
बड़ागांव के लेवा गांव निवासी वर्षा राजपूत (19) पुत्री यशवंत ने दसवीं के बाद पढ़ाई छोड़ दी थी और घर में रहकर मां का हाथ बंटाती थी। वर्षा के पिता यशवंत की करीब दस साल पहले दुर्घटना में मौत हो चुकी है। खेती-किसानी करके परिवार की जीविका चल रही थी। मंगलवार को वर्षा ने परिजनों के साथ खेत में धान की रोपाई करवाई। शाम को मां पुष्पा और भाई त्रयोदशी संस्कार में शामिल होने बम्हौरी गांव चले गए। घर पर वर्षा और उसकी भाभी थी। रात में भाभी के साथ खाना खाकर वह अपने कमरे में सोने चली गई।
बुधवार सुबह जब वर्षा अपने कमरे से नीचे नहीं आई तो भाभी उसे जगाने कमरे में पहुंची। यहां उसका शव साड़ी से फंदे से झूल रहा था। वर्षा ने किन परिस्थितियों में आत्महत्या की परिजन अनभिज्ञ हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है।