झांसी। जीआरपी थाना झांसी में रंगाई-पुताई के दौरान अचानक मधुमक्खियों ने हमला बोल दिया। मधुमक्खियों से बचने के लिए थाने में अफरा-तफरी मच गयी। मधु मक्खियों से बचने के लिए जिसे जहां जगह मिली वह वहां छिप गया। हालांकि मधु मक्खियों के हमले में रंगाई कर रहे दो मजदूर आहत हो गए। थाना परिसर में लगभग आधा घंटे तक मधु मक्खियां मण्डराते हुए चली गयीं तब सभी ने राहत की सांस ली।
दरअसल, इन दिनों जोरशोर से जीआरपी थाने का रंगाई-पुताई का काम चल रहा है। हमेशा की तरह बुधवार की सुबह लगभग नौ बजे थाना परिसर में रंगाई पुताई के काम में मजदूर लगे हुए थे। इसी दौरान थाना परिसर में लगे पीपल के विशाल वृक्ष पर लगे मधुमक्खियों के छत्ता से अचानक मधुमक्खियों का झुण्ड तेज गति से निकला और परिसर में फैल गया, झुंड का झुंड थाना परिसर में भनभनाते हुए वहां मौजूद लोगों पर झपटटा मारने लगा। इस पर थाने व परिसर में मौजूद स्टाफ व कर्मचारी, मजदूर आदि मधुमक्खियों को देखकर उनसे जान बचाने के लिए काम-काज छोड़ कर इधर-उधर भागते हुए सुरक्षित कमरों में पहुंच गए और दरबाजे बंद कर लिए। इस दौरान वहां काम कर रहे दो मजदूरों पर मधुमक्खियां झपट पड़ीं, मजदूर किसी प्रकार उनसे पीछा छुड़ाते हुए भागे। लगभग आधा घंटे तक मधुमक्खियों ने जीआरपी थाना परिसर को घेरे रखा और फिर धीरे-धीरे गायब हो गयीं। इसके बाद पुलिस कर्मी आदि कमरों के दरवाजे खोल व बाहर निकले। पीपल के पेड़ पर लगे छत्ते से किस तरह से मधु मक्खियां निकलीं इस पर चर्चाओं का बाजार गर्म रहा।