झांसी। जिले के उल्दन थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम विजना में उस समय सनसनी फ़ैल गई जब रविवार दोपहर घर में 10 साल के बच्चे का फंदे से लटकता शव मिला। चचेरे भाई ने बच्चे को उतारा और जिंदगी की आस में अस्पताल ले गए जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। मृतक तीन बहनों में अकेला भाई था। परिवार में कोहराम मचा हुआ है। पुलिस इस एंगल से भी जांच कर रही है कि कहीं किसी ने बच्चे को मारकर तो नहीं लटका दिया।
जिले के उल्दन थाना क्षेत्र के बिजना गांव निवासी राजेंद्र साहू का 10 साल का पुत्र प्रशांत गांव के सरकारी स्कूल में चौथी कक्षा में पढ़ता था। पिता राजेंद्र साहू ने बताया कि आज रविवार को स्कूल की छुट्टी थी। उसने सुबह खेत पर साथ जाने के लिए बेटे प्रशांत से कहा। मगर वो बोला कि अभी ट्यूशन जाना है। इस पर वह अकेला ही खेत पर चला गया। दोपहर में बेटा छत पर खेल रहा था, उसकी मां विनीता पशुबाड़ा में और 3 बड़ी बहनें घर पर थीं। इस दौरान मोहल्ले के लोगों ने छत पर लगे एंगल पर रस्सी के सहारे प्रशांत का शरीर छत से लटकता हुआ दिखाई दिया। शोर मचाने पर उसका भतीजा दीपांशु आया और फंदा खोलकर बेटे को नीचे उतारा। प्रशांत को उपचार हेतु रेलवे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने परीक्षणोंपरांत उसे मृत घोषित कर दिया।
पिता बोले- किसी ने हत्या कर दी
पिता ने कहा- वह दोपहर को खेत से घर लौट रहा था। तब भतीजा दौड़ते हुए आया और बताया कि प्रशांत फांसी पर लटका है। तुरंत घर पहुंचा लेकिन तब तक परिजन उसे लेकर टहरौली जा चुके थे। तब टहरौली पहुंचा और बेटे को मेडिकल कॉलेज लेकर आए। यहां पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम हेतु भेज दिया है। पिता का कहना है कि बेटे की हत्या कर शव को फंदे पर लटकाया गया है क्योंकि, एंगल पर इतना छोटा बच्चा फंदा नहीं बना सकता। न ही उसे इसकी समझ है। मेरी किसी से कोई दुश्मनी नहीं है।
प्रशांत अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। उससे बड़ी 3 बहनें हैं। माता-पिता की बड़ी मन्नतों के बाद बेटा हुआ था। अब उसकी मौत के बाद घर में मातम पसरा है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। पिता राजेंद्र खेती किसानी करते हैं, जबकि मां विनीता घर पर रहती हैं।उल्दन थाना पुलिस ने बताया किया, छानबीन में पता चला कि प्रशांत छत पर अकेला खेल रहा था। खेलते-खेलते उसने एंगल के पिलर पर चढ़कर गले में रस्सी डाली तो पैर फिसल गया। इससे फंदा गले में कस गया।जब परिजनों ने देखा तो उसे नीचे उतारा। तब तक वह बेहोश हो चुका था। पहले टहरौली अस्पताल ले गए। जहां से उसे रेफर कर दिया। लेकिन मेडिकल कॉलेज पहुंचने से पहले बच्चे ने दम तोड़ दिया। पुलिस द्वारा मामले की जांच की जा रही है।