प्रयागराज। रेखा कुशवाहा (महिला कांस्टेबल, रे०सु०ब० पोस्ट, आगरा छावनी) और रे०सु०वि०बल की महिला कांस्टेबल मीना खातून को 22222 निजामुद्दीन-मुंबई राजधानी एक्सप्रेस में हुई चोरी के मामले को सुलझाने में अतुलनीय तत्परता और दक्षता का प्रदर्शन करने पर आईजी द्वारा पुरस्कृत कर सम्मानित किया गया है।
घटना का विवरण-
16 दिसंबर 2024 को राजधानी एक्सप्रेस में यात्रियों के सामान चोरी होने की सूचना मिलने पर, दोनों महिला बल सदस्यों ने सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच की। उनकी सतर्कता और टीम वर्क के परिणामस्वरूप, चोरी में शामिल तीन शातिर अपराधियों (1 पुरुष और 2 महिलाए) को 19 दिसंबर 24 को ग्यासपुरा, आगरा से गिरफ्तार किया गया। जिनके पास से सोने के 01 जोड़ी टॉप, सोने की 01 चेन, सोने की 01 अंगूठी व अन्य सोने के आभूषण बरामद किए गए। पूछताछ के दौरान, अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा हुआ, जिससे इन अपराधियों की आपराधिक गतिविधियों का पर्दाफाश हुआ।
महिला कांस्टेबलों द्वारा यात्रियों और उनके सामान की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए किए गए इस साहसिक और सराहनीय कार्य के लिए, प्रधान मुख्य सुरक्षा आयुक्त, रेलवे सुरक्षा बल, उत्तर मध्य रेलवे, अमिय नंदन सिन्हा द्वारा रेखा कुशवाहा एवं रे०सु०वि०बल की महिला कांस्टेबल मीना खातून को माह का सर्वश्रेष्ठ कर्मचारी (दिसंबर-2024) घोषित करते हुए प्रशस्ति पत्र व नगद पुरस्कार से सम्मानित किया गया।
रेलवे सुरक्षा बल की प्रतिबद्धता रेलवे सुरक्षा बल यात्रियों की सुरक्षा और उनके सामान की रक्षा के लिए सदैव तत्पर है। यह घटना बल के समर्पण, सतर्कता और कुशलता का एक उत्कृष्ट उदाहरण है। रेलवे सुरक्षा बल अपनी टीम को ऐसी सफलता के लिए बधाई देता है और यात्रियों से आग्रह करता है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत दें।