पूर्व केंद्रीय मंत्री के शादी वाले घर पुलिस का पेहरा
झांसी। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य के बेटे की शादी की खुशियों से घर परिवार सराबोर है, घर में मेहंदी की रस्म की तैयारियां चल रही हैं, लेकिन जो तस्वीर आप देख रहें है, वह बेहद चिंताजनक और खुशियों में बिघ्न साबित हो रही हैं।
पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने बताया 25 जुलाई को उनके पुत्र गौरव जैन का विवाह समारोह है। इसी क्रम में 22 जुलाई को उनके घर परिवार पर मेहंदी की रस्म की तैयारियां चल रही हैं। ऐसे समय में जब पूरा परिवार विवाह की तैयारियों में व्यस्त है, उनके घर में भारी पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है।
उन्होंने बताया कि देश भर के छात्र #NEET पेपर लीक मामले में न्याय की मांग को लेकर आंदोलन कर रहे हैं और केन्द्रीय शिक्षा मंत्री से इस्तीफे की मांग उठा रहे हैं। ऐसा लगता है कि डबल इंजन सरकार छात्रों के सवालों का जवाब देने के बजाय उनकी आवाज़ उठाने वालों से ज्यादा भयभीत है। उनके पुत्र गौरव जैन हमेशा युवा कांग्रेस के साथ छात्रों और युवाओं के मुद्दों पर मुखर रहे हैं। क्या इसी वजह से शादी वाले घर को भी पुलिस छावनी में बदल दिया गया?
उन्होंने कहा कि यदि किसी सरकार को एक शादी वाले घर से भी डर लगने लगे, तो यह उसकी ताकत नहीं, बल्कि असुरक्षा का संकेत है। लोकतंत्र में विरोध की आवाज़ को पुलिस के पहरे से दबाया नहीं जा सकता। सवाल पूछना अपराध नहीं है, बल्कि लोकतांत्रिक अधिकार है।
उन्होंने कहा कि “हम स्पष्ट कहना चाहते हैं कि न तो हम डरेंगे, न झुकेंगे। छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की आवाज़ पहले भी उठाते रहे हैं और आगे भी पूरी मजबूती के साथ उठाते रहेंगे।”














