
शॉर्ट सर्किट बताई जा रही घटना की वजह, कोई जनहानि नहीं
झांसी। 25 जुलाई को सुबह थाना नवाबाद के अंतर्गत वीरांगना लक्ष्मी बाई रेलवे स्टेशन में MH एक्सप्रेस फूड प्लाजा के केचिन में चिमनी साइड में अचानक आग लग गई। सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी के नेतृत्व मे फायर सर्विस यूनिट द्वारा आग को पूर्ण रूप से बुझा दिया गया। इस घटनाक्रम में कोई जन-धन की हानि नहीं पहुंची।
दरअसल, हमेशा की तरह शनिवार सुबह MH एक्सप्रेस फूड प्लाजा के केचिन में काम चल रहा था तभी चिमनी साइड में अचानक आग लगने से अफरातफरी मच गई। घटना की सूचना प्राप्त होते ही स्टेशन पर उपस्थित Dy. SS (C), मुख्य टिकट निरीक्षक (Head TTE) एवं स्टेशन फूड प्लाजा स्टाफ ने तत्परता एवं सतर्कता का परिचय देते हुए फूड प्लाज़ा में केचिन में रखे सभी गैस सिलेंडरों को हटवा कर तत्काल सुरक्षित स्थान पर पहुंचा दिया तथा फायर ब्रिगेड को तुरंत सूचना दी।
सूचना मिलते ही पुलिस फायर ब्रिगेड टीम मौके पर पहुंच गई। रेलवे कर्मचारियों एवं फायर ब्रिगेड की त्वरित एवं समन्वित कार्रवाई से लगभग 15 मिनट के भीतर आग पर पूर्णतः काबू पा लिया गया तथा स्थिति शीघ्र ही सामान्य कर दी गई। रेलवे सूत्रों के अनुसार आग केवल फूड प्लाज़ा की चिमनी (एग्जॉस्ट डक्ट) तक ही सीमित रही, जो यात्री आवागमन क्षेत्र से पृथक स्थान पर स्थित है।
इस कारण घटना में किसी भी यात्री, फूड प्लाज़ा कर्मचारी अथवा रेलवे कर्मचारी को कोई चोट नहीं पहुँची। आग लगने का कारण प्रथम दृष्टया शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है।














