• बीकेडी में सम्मान समारोह राष्ट्र अनुकूल चिंतन व दर्शन का विमोचन
    झांसी। पं. दीनदयाल उपाध्याय की १०३ वीं जयंती के उपलक्ष्य एवं बीकेडी के प्राचार्य डा. बाबूलाल तिवारी को केन्द्र सरकार की दीनदयाल शोधपीठ द्वारा उनके शोधपरक कार्य वर्तमान भारतीय राष्ट्रीय परिवेश में पं. दीनदयाल उपाध्यय के शैक्षिक विचारों का आलोचात्मक अध्ययन विषय को पुरस्कृत किये जाने पर बीकेडी में सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान डा. तिवारी द्वारा लिखित पुस्तक राष्ट्र अनुकूल चिंतन व दर्शन का भी विमोचन किया गया।
    गौरतलब है कि डॉ तिवारी ने पंडित दीनदयाल उपाध्याय एकात्म मानववाद पर किए शोध के लिए उन्हें जयपुर में पंडित दीनदयाल उपाध्याय स्मृति समिति द्वारा सम्मानित किया गया था। यह सम्मान उन्हें पंडित दीनदयाल उपाध्याय की जयंती पर 25 सितंबर को देश के रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह व राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ के सह कार्यवाह कृष्ण गोपाल द्वारा प्रदान किया गया था। समारोह को सम्बोधित करते हुए मुख्य अतिथि डा. जेएल वर्मा ने कहा कि यह सम्मान पूरे महाविद्यालय का सम्मान है। अध्यक्षीय उद्बोधन में बीबीसी के पूर्व प्राचार्य डा. एमएस पाण्डेय ने बताया कि प्राचार्य के शोधपरक कार्य को केन्द्र सरकार के रक्षामंत्री राजनाथ सिंह द्वारा उन्हें बधाई दी और कहा कि केवल शोधपरक कार्य ही नहीं बल्कि पर्यावरण संरक्षण पर भी उन्हें सम्मान मिलना चाहिए। कर्मचारी संघ के महामंत्री दिनेश भार्गव ने भी प्राचार्य की सेवाओं की सराहना की। संचालन डा. एस.के. राय एवं आभार डा. डीपी गुप्ता ने व्यक्त किया। इस अवसर पर महाविद्यालय के समस्त शिक्षक, छात्र व कर्मचारी उपस्थित रहे।