सर्राफ के नौकर को वशीभूत कर 10 ग्राम सोना, 17 हजार रुपए उड़ाए, घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद
मऊरानीपुर। कोतवाली मऊरानीपुर नगर क्षेत्र में एएम ज्वेलर्स पर नागा साधु भेषधारी ठग ने सर्राफ की दुकान पर तंत्र मंत्र का जाल फैला कर भभूत फेंकी और नौकर को वशीभूत कर 10 ग्राम सोना, 17 हजार रुपए उड़ा कर रफूचक्कर हो गया। होश आने पर नौकर ने शोर मचा दिया, किंतु तब तक ठग गायब हो चुका था। सरे बाजार हुई इस ठगी का पूरी घटनाक्रम सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गया। पुलिस द्वारा छानबीन की जा रही है।
मऊरानीपुर के गांधीगंज निवासी संतोष रायकवार अपने भाई के साथ नगर स्थित एएम ज्वैलर्स की दुकान पर काम करता है। बुधवार दोपहर करीब 12:10 बजे वह दुकान पर अकेला था। इसी दौरान भभूत लगाए नागा साधु के भेष में एक व्यक्ति दुकान पर पहुंचा और बातों के जाल में फंसाकर तंत्र मंत्र पढ़ते हुए भभूत फेंकी। इससे वह होशोहवास खोकर भ्रमित होकर बाबा के प्रभाव में आ गया।
इस दौरान बाबा ने दुकान के काउंटर पर रखा करीब 10 ग्राम पक्का सोना, जिसकी अनुमानित कीमत करीब 1.50 लाख रुपये और 17 हजार रुपये नकद निकाले और फुर्ती से दुकान से बाहर निकल कर रिक्शा में सवार होकर रफूचक्कर हो गया। करीब दस मिनट बाद स्थिति सामान्य होने पर संतोष को ठगी का एहसास हुआ। उसने दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। फुटेज में साधु के भेष में आया व्यक्ति दुकान के अंदर तंत्र-मंत्र कर भभूत फेंकते दिखाई दे रहा है। पीड़ित ने तत्काल 112 नंबर पर फोन कर पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कोतवाली प्रभारी मुकेश कुमार सोलंकी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का निरीक्षण कर पीड़ित से घटना की जानकारी ली और दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज देखी। पुलिस द्वारा संदिग्ध साधुवेशधारी व्यक्ति की पहचान और घटना से जुड़े अन्य तथ्यों की जांच की जा रही है।
घटना की जानकारी मिलने पर कई सर्राफा कारोबारी राजेश बिलाटिया, अनिल सोनी, प्रकाश सोनी, दीपक सोनी, अतुल सोनी, जगदीश सोनी, हनी सोनी, जितेंद्र सोनी, कुलदीप सोनी, राजेश सोनी, मनोज सोनी, कैलाश सोनी और नरेंद्र सोनी आदि दुकान पर पहुंच गये। उन्होंने घटना की जानकारी लेकर पुलिस से मामले में कार्रवाई की मांग की।
पीड़ित संतोष रायकवार ने कोतवाली मऊरानीपुर में प्रार्थना पत्र देकर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्ध व्यक्ति की पहचान कराने, घटना की रिपोर्ट दर्ज करने और सामान की बरामदगी के साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।














