ट्रेन के जनरल कोच में 140 कबूतर गुटर गूं करते पकड़े ! 

0
43

कबूतरों समेत यात्री वन विभाग के सुपुर्द

झांसी। ट्रेन के जनरल कोच में चार कार्टूनों के भीतर 140 सफेद कबूतर भरकर ले जाने का मामला सामने आया है। वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी रेलवे स्टेशन पर आरपीएफ क्राइम विंग की चेकिंग के दौरान मामला पकड़ में आया। कबूतरों को चंडीगढ़ से मनमाड जंक्शन ले जाया जा रहा था। संबंधित व्यक्ति कबूतरों के परिवहन से संबंधित वैध प्राधिकार पत्र नहीं दिखा सका। इसके बाद आरपीएफ, जीआरपी और वन विभाग की संयुक्त कार्रवाई में यात्री और कबूतरों को वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया।

13 अक्टूबर को आरपीएफ क्राइम विंग झांसी के सहायक उपनिरीक्षक नवीन कुमार, कांस्टेबल सुरेंद्र सिंह बिष्ट और कांस्टेबल गुरमीत सिंह ट्रेन संख्या 22686 में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान सामान्य कोच में सीट के नीचे रखे चार संदिग्ध कार्टून दिखाई दिए। कार्टूनों के अंदर से कबूतरों की आवाज आने पर जवानों ने यात्री से पूछताछ की।

यात्री ने अपना नाम समद खान पुत्र गुलाम मोहम्मद, निवासी सेक्टर-26, बापूधाम, चंडीगढ़ बताया। उसने कार्टूनों को अपना बताते हुए कहा कि वह कबूतरों को चंडीगढ़ से मनमाड जंक्शन ले जा रहा था। कबूतरों के परिवहन के संबंध में वैध प्राधिकार पत्र मांगे जाने पर वह कोई दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। उसके पास केवल सामान्य रेल टिकट संख्या AAE14369335 मिला।

सूचना मिलने पर ट्रेन के वीरांगना लक्ष्मीबाई झांसी स्टेशन के प्लेटफार्म नंबर-3 पर दोपहर 2:36 बजे पहुंचने पर आरपीएफ पोस्ट झांसी के उपनिरीक्षक अंकित कुमार, वन विभाग झांसी रेंज के उपनिरीक्षक मनोज श्रीवास और जीआरपी झांसी के उपनिरीक्षक सत्य राय ने संयुक्त रूप से कार्रवाई की। यात्री और चारों कार्टूनों को ट्रेन से सुरक्षित उतारा गया।

वन विभाग के उपनिरीक्षक मनोज श्रीवास द्वारा जांच किए जाने पर कार्टूनों में सहारनपुरी और पंजाबी नस्ल के लगभग 140 सफेद कबूतर पाए गए। इसके बाद समद खान सहित सभी कबूतरों को अग्रिम आवश्यक कार्रवाई के लिए वन विभाग के सुपुर्द कर दिया गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here