सरदार वल्लभभाई पटेल जयंती : मिनी मैराथन में 235 प्रतिभागियों ने लगाई दौड़

0
25

झाँसी। लौह पुरुष सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती एवं राष्ट्रीय एकता दिवस के अवसर पर 31 अक्टूबर 2026 को नगरा-हाट मैदान, झाँसी में कनफेडरेशन ऑफ एक्स पैरामिलिट्री फोर्सेस मार्टियर्स वेलफेयर एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष एवं इंडिया पुलिस मेडल से सम्मानित श्री दिलीप सिंह सेंगर के नेतृत्व में मिनी मैराथन का आयोजन किया गया।

मैराथन का शुभारंभ फेडरेशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष जयेंद्र सिंह राणा व अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी तथा सेवानिवृत्त असिस्टेंट कमांडेंट सत्येंद्र सिंह तोमर द्वारा किया गया। कार्यक्रम में एशियाड खेलों के विजेता एवं असिस्टेंट कमांडेंट होशियार सिंह (टेकनपुर), भूपेंद्र सिंह सेंगर, फिजिकल ट्रेनर एवं सोशल मीडिया इनफ्लुएंसर देव रावत, एथलीट कोच नूरुद्दीन खान, जिला अस्पताल के वरिष्ठ हड्डी रोग विशेषज्ञ डॉ. गोकुल प्रसाद, डॉ. प्रदीप यादव, डॉ. दुष्यंत सिंह, जयदीप सिंह राजावत, धीरेंद्र सिंह सेंगर एवं रविंद्र बाजपेई मास्टर सहित अनेक गणमान्य नागरिक एवं खेलप्रेमी उपस्थित रहे।

इस मिनी मैराथन में बच्चों, युवाओं एवं वरिष्ठ नागरिकों सहित कुल 235 प्रतिभागियों ने पंजीकरण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया। प्रतियोगिता में धावकों ने पूरे जोश, अनुशासन और खेल भावना के साथ अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। मुख्य दौड़ में प्रथम स्थान आजमगढ़ के विक्की राजवर ने प्राप्त किया, जबकि द्वितीय स्थान मुरादाबाद के राजवीर तथा तृतीय स्थान अमरदीप पाल ने हासिल किया। विजेताओं को क्रमशः ₹5,000, ₹3,000 एवं ₹2,000 की नकद पुरस्कार राशि प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त चौथे से नौवें स्थान तक के छह धावकों को ₹1,000 प्रति प्रतिभागी पुरस्कार दिया गया। प्रथम 30 स्थान प्राप्त करने वाले बच्चों को टी-शर्ट प्रदान की गई। बालक जूनियर वर्ग के सभी विजेता प्रतिभागियों को भी पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

वरिष्ठ नागरिक वर्ग में वेदराम ने प्रथम, चेतराम ने द्वितीय तथा श्री देशराज ने तृतीय स्थान प्राप्त किया। वरिष्ठ नागरिकों की भागीदारी ने यह संदेश दिया कि खेल और स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के लिए उम्र कभी बाधा नहीं होती।

इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि सरदार वल्लभभाई पटेल का जीवन राष्ट्रीय एकता, अखंडता, दृढ़ इच्छाशक्ति एवं राष्ट्रसेवा का अनुपम उदाहरण है। इस प्रकार के आयोजन युवाओं में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा समाज में राष्ट्रीय एकता एवं सकारात्मक ऊर्जा का संदेश प्रसारित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यक्रम का संचालन नीतू साहू एवं डॉ. आदित्य साहू द्वारा किया गया।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here