मां काली की आरती कर लिया आशीर्वाद
झांसी। मेहंदी बाग स्थित मां अमावस्या भद्रकाली के दरबार में आयोजित विशेष पूजा-अर्चना एवं धार्मिक कार्यक्रम में डॉ. संदीप सरावगी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। कार्यक्रम में पहुंचने पर आयोजक मंडल ने तिलक लगाकर एवं माल्यार्पण कर उनका आत्मीय स्वागत किया। इसके उपरांत डॉ. संदीप सरावगी ने मां काली की विधि-विधान से आरती कर आशीर्वाद प्राप्त किया।
इस अवसर पर डॉ. संदीप सरावगी ने कहा कि मां काली शक्ति, साहस और बुराई पर अच्छाई की विजय का प्रतीक हैं। भारतीय संस्कृति में शक्ति उपासना का विशेष महत्व है। मां भगवती की आराधना हमें अन्याय के विरुद्ध खड़े होने, निर्बलों की सहायता करने और समाज में सकारात्मकता बनाए रखने की प्रेरणा देती है। उन्होंने कहा कि धार्मिक आयोजन हमारी आस्था और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने के साथ-साथ समाज में एकता, सद्भाव और भाईचारे का संदेश भी देते हैं। मां काली से प्रार्थना है कि सभी भक्तों के जीवन में सुख, शांति और समृद्धि आए तथा सभी की मनोकामनाएं पूर्ण हों।
आयोजन के दौरान मां अमावस्या भद्रकाली की महिमा, अमावस्या की रात्रि में साधना एवं पूजन के विशेष महत्व पर प्रकाश डाला गया। मान्यता के अनुसार दीपावली से नौ दिन पूर्व मां की विशेष पूजा एवं साधना की जाती है। दीपावली की अमावस्या की पावन रात्रि में भक्त मां की आराधना कर सुख-समृद्धि एवं मनोकामना पूर्ति की प्रार्थना करते हैं।
कार्यक्रम में महाराज प्रवीण दुबे सहित आशु राय, हर्षित भैया, संजय भैया, राहुल भैया, पवन, कृष्ण, रोहित, बंटी, ऋषभ, राघवेंद्र, सौरभ, प्रह्लाद, अमूल्य, कृष, दीप एवं गौरव सहित आयोजन मंडल के सदस्य और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने मां भद्रकाली के दर्शन कर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।














