पुलिस टीम द्वारा 1.40 लाख रुपए बरामद, 17.06 लाख की धनराशि फ्रीज
अन्य आरोपियों की तलाश व माल बरामदगी के प्रयास जारी
झांसी। मऊरानीपुर बस स्टैंड पर रुकी बस से उड़ाए गए दो बैगों जिनमें 6937 ग्राम जेवर (जिसमें नग आदि काटकर सोना 3152 ग्राम तथा 200 ग्राम शुद्ध सोना शामिल है) तथा 15 लाख रुपये नकद रखे हुए थे की घटना का अनावरण थाना मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम की संयुक्त कार्यवाही हो गया। टीम ने महाराष्ट्र से 1 शातिर चोर को गिरफ्तार; चोरी की धनराशि में से ₹1,40,000/- नकद बरामद, विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित ₹17,06,000/- की धनराशि फ्रीज तथा 02 मोबाइल फोन बरामद कर लिए।
गौरतलब है कि 29 अक्टूबर को सर्राफ गुरकीरत सिंह ( सोने के जेवर का व्यापार करते हैं और अमृतसर से माल लेकर विभिन्न दुकानदारों के आर्डर पर भेजते हैं) द्वारा थाने में दी गई तहरीर के अनुसार 28 अक्टूबर को वह छतरपुर से बस द्वारा दोपहर 03:50 बजे झाँसी के लिए चले थे। सायं करीब 05:40 बजे जब बस मऊरानीपुर बस स्टैंड पर रुकी, तो उसी समय भीड़ का फायदा उठाकर अज्ञात व्यक्तियों ने उनके दो बैग चोरी कर लिए। उन बैगों में 6937 ग्राम जेवर (जिसमें नग आदि काटकर सोना 3152 ग्राम तथा 200 ग्राम शुद्ध सोना शामिल है) तथा 15 लाख रुपये नकद रखे हुए थे। इस मामले में पुलिस ने थाना मऊरानीपुर पर धारा 303(2) बीएनएस के अन्तर्गत अभियोग पंजीकृत किया गया।
इस मामले में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास कुमार द्वारा अपराध एवं अपराधियों पर अंकुश लगाये जाने हेतु चलाए जा रहे अभियान के क्रम में अपर पुलिस अधीक्षक ग्रामीण डॉ अरविन्द कुमार के निकट पर्यवेक्षण व क्षेत्राधिकारी मऊरानीपुर श्री रत्नेश्वर सिंह के नेतृत्व में पुलिस टीम ने लाखों की चोरी की घटना के अनावरण एवं अभियुक्तों की गिरफ्तारी व चोरी गए माल की बरामदगी हेतु घटनास्थल एवं आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के साथ लगभग दो हजार किमी तक के सीसीटीवी फुटेज का अवलोकन कर आवश्यक साक्ष्य संकलित किए गए।
साक्ष्य के आधार पर प्रभारी निरीक्षक थाना मऊरानीपुर मुकेश कुमार सोलंकी के नेतृत्व में थाना मऊरानीपुर पुलिस, स्वाट टीम एवं सर्विलांस टीम झाँसी द्वारा 3 नवंबर को गैर प्रांत महाराष्ट्र में दबिश दी गई। इस दौरान थाना कर्जत, जनपद अहिल्यानगर, महाराष्ट्र पुलिस के सहयोग से मुखबिर की सूचना पर तहसील परिसर कर्जत से अभियुक्त अमोल मारुती पिटेकर पुत्र मारुती राजाराम पिटेकर निवासी महालंगी, थाना कर्जत, जनपद अहिल्यानगर, महाराष्ट्र को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्त अमोल मारुती पिटेकर से पूछताछ करने पर उसके द्वारा बताया गया कि उसके पिता राजाराम पिटेकर ने अपने साथियों के साथ मिलकर चोरी की घटना की योजना बनाई थी। योजना के तहत उसके पिता एवं उनके साथी सफेद रंग की स्कॉर्पियो संख्या MH42BJ5141 से जबलपुर होते हुए छतरपुर पहुँचे थे। इसी दौरान वादी मुकदमा अपने सहकर्मी के साथ छतरपुर पहुँचे, जहाँ अभियुक्तगण द्वारा वादी की गतिविधियों पर नजर रखते हुए उनका पीछा किया गया। 28 अक्टूबर को जब वादी मुकदमा छतरपुर बस स्टेशन से बस संख्या UP93ET5315 में सवार होकर मऊरानीपुर के लिए रवाना हुए, तब अभियुक्तगण में से कुछ लोग स्कॉर्पियो से तथा कुछ लोग बस में सवार होकर वादी का पीछा करते हुए मऊरानीपुर बस स्टैंड पहुँचे। बस के रुकने पर अभियुक्तगण द्वारा बस में रखे वादी के जेवरात से भरे दो बैग चोरी कर स्कॉर्पियो से वापस छतरपुर की ओर फरार हो गए।
अभियुक्त ने बताया कि चोरी की घटना की योजना में वह स्वयं भी शामिल था तथा अपने पिता एवं उनके साथियों से मोबाइल फोन के माध्यम से लगातार संपर्क में था। उसके द्वारा गूगल मैप के माध्यम से अपने पिता एवं उनके साथियों को रास्ते की जानकारी भी उपलब्ध कराई जा रही थी। महाराष्ट्र पहुँचने पर उसके पिता एवं साथियों ने उसे महालंगी से करीब 10 किलोमीटर दूर राशिन कस्बे में बुलाकर चोरी की धनराशि में से ₹20,00,000/- दिए थे। उक्त धनराशि में से अभियुक्त द्वारा 29 अक्टूबर को ₹3,50,000/- तथा 30 अक्टूबर को ₹15,00,000/- अपने महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक के खाते में जमा किए गए।
इसके उपरांत अभियुक्त द्वारा ₹14,25,000/- अरुण ढेरे के बैंक खाते में तथा ₹3,50,000/- शेक मोइन के बैंक खाते में आरटीजीएस के माध्यम से स्थानांतरित किए गए। अभियुक्त ने बताया कि उक्त धनराशि उसके पिता के कहने पर विभिन्न बैंक खातों में जमा एवं स्थानांतरित की गई थी तथा चोरी की धनराशि में से शेष ₹1,40,000/- नकद उसके पास मौजूद थे, जिन्हें पुलिस द्वारा बरामद कर लिया गया। अभियुक्त द्वारा घटना में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन संख्या MH42BJ5141 अपने नाम पर पंजीकृत होना भी बताया गया।
अभियुक्त अमोल मारुती पिटेकर की गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर थाना मऊरानीपुर पर पंजीकृत धारा 303 (2) बीएनएस में धारा 317(2), 317(5), 61 (2) बीएनएस की बढ़ोतरी की गई। अभियुक्त को 03 नवंबर को करीब 22:30 बजे गिरफ्तार किया गया। ट्रांजिट रिमांड प्राप्त करने के उपरांत अभियुक्त को संबंधित न्यायालय जनपद झाँसी में पेश किए जाने हेतु थाना मऊरानीपुर लाया गया। अभियुक्त द्वारा विभिन्न बैंक खातों में स्थानांतरित की गई चोरी की धनराशि में से कुल ₹17,06,000/- की धनराशि फ्रीज कराई गई है तथा अभियुक्त के कब्जे से ₹1,40,000/- नकद एवं 02 मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
बरामदगी का विवरणः-
₹1,40,000/- नकद (500-500 रुपये के कुल 280 नोट)। दो ओप्पो मोबाइल फोन। एक आधार कार्ड। एक ड्राइविंग लाइसेंस। एक पैन कार्ड। एक बैंक पासबुक एवं महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक की दो जमा ट्रांजेक्शन रसीदें।
चोरी की विभिन्न बैंक खातो में भेजी धनराशि 1706000/-(फ्रीज) –
1. खाता सं0-0790101011107 खाता धारक शेख मोईन, कैनरा बैंक शाखा रासिन अहिल्यानगर महाराष्ट्र, फ्रीज करायी गयी धनराशि 55000/- रुपये
2. खाता सं0 – 60162157824, खाता धारक- अरुण ढेरे, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक शाखा रासिन अहिल्यानगर महाराष्ट्र, फ्रीज करायी गयी धनराशि 1436000/- रुपये
3. खाता सं0 – 80099391048, खाता धारक- अमोल मारुती पिटेकर, महाराष्ट्र ग्रामीण बैंक शाखा रासिन अहिल्यानगर महाराष्ट्र, फ्रीज करायी गयी धनराशि 215000/- रुपये।
पुलिस टीम द्वारा अन्य आरोपियों की तलाश व माल बरामदगी के प्रयास जारी है।
गिरफ्तार करने वाली टीम – प्रभारी निरीक्षक मुकेश कुमार सोलंकी, थाना मऊरानीपुर झांसी। निरीक्षक विनय दिवाकर, प्रभारी स्वाट टीम झांसी। उ0नि0 कुलदीप पवार, चौकी प्रभारी रानीपुर, थाना मऊरानीपुर झांसी। हे0का0 रवि भदौरिया, स्वाट टीम झांसी। का0 मो0 अतीक, स्वाट टीम झांसी। का0 नवीन कुमार, सर्विलांस सेल झांसी झांसी।. म०हे0का0 तोरडमल, थाना कर्जत पुलिस, महाराष्ट्र। हे0का0 अजमत उल्ला खान एवं अन्य पुलिसकर्मी।














