झांसी। कांग्रेस कमेटी के प्रदेशाध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई की मांग को लेकर कांग्रेसियों ने चरणबद्ध आंदोलन छेड़ने का निर्णय लिया है। शहर अध्यक्ष अरविंद वशिष्ट ने बताया उत्तर प्रदेश में झांसी महानगर सहित प्रदेश अध्यक्ष की रिहाई के लिए कांग्रेस कई कार्यक्रम करने जा रही है। इसके पहले चरण में 6 से 12 जून तक प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की रिहाई के लिए कांग्रेस सेवा सत्याग्रह माध्यम से महा रसोई का संचालन कर प्रदेश भर में 25 लाख लोगों को भोजन वितरण करेगी जिसमें सोशल डिस्टेंस का पूरा ख्याल रखा जाएगा। उन्होंने बताया कि 20 मई से कांग्रेस अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू कारावास में है। उनका सिर्फ इतना सा दोष है कि वे देश निर्माता गरीब-मजदूर बहन-भाइयों की मदद करना चाहते थे। गरीब-मजदूर विरोधी योगी आदित्यनाथ की सरकार ने उन्हें जेल में डाल दिया। लेकिन भाजपा सरकार हमारे सेवा कार्य को नहीं रोक सकती है। 

उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष  को सेवा और जरूरतमंद लोगों की मदद करने के कारण गरीब विरोधी सरकार ने जेल में डाला है, लेकिन अंत में सेवा और सत्य की जीत होगी। इसलिए हमारे इस सेवा सत्याग्रह की थीम ‘सेवा की होगी विजय, हम सबमें लल्लू अजय’ रखी है। हमारी पार्टी का हर एक कार्यकर्ता, नेता गरीबों-जरूरतमंदों की मदद कर रहा है और हम सब अजय कुमार लल्लू हैं। जेल की सलाखें और फर्ज़ी मुकदमें हमारे सेवा कार्य को नहीं रोक पाएंगे। उन्होंने बताया कि प्रदेश अध्यक्ष के नेतृत्व मे पूरे प्रदेश में 90 लाख से अधिक लोगों को खाना खिलाया गया। 10 लाख से अधिक लोगों को प्रदेश से बाहर मदद की गई। 22 जिलों में हमने अपने कार्यालयों को साझी रसोईघरों में तब्दील कर दिया। हाइवे पर चल रहे लोगों के लिए स्टॉल्स लगवाए। एक वंचित समाज से आने वाले नेता के सेवा कार्य योगी आदित्यनाथ की आंखों में चुभ रहा है। इस लिए इस कायर सरकार ने उन्हें जेल में डाल दिया है।इस महा अभियान सेवा सत्याग्रह में पोस्टकार्ड लिखकर और सोशल मीडिया पर बड़े अभियान के जरिये भी आवाज़ उठाई जाएगी। इस अवसर पर राजेंद्र रेजा, डॉ विजय भारद्वाज, अनु श्रीवास्तव, प्रभा पाल आदि उपस्थित रहे।