झांसी। बुंदेलखंड विश्वविद्यालय में फीस बढ़ोतरी के खिलाफ कुलपति का पुतला फूंकने जा रहे एनएसयूआई के कार्यकर्ताओं को पुलिस ने पकड़ लिया। दरअसल, फीस बढ़ोतरी को लेकर छात्रों में आक्रोश है। एनएसयूआई सहित कई छात्र संगठनों ने मोर्चा खोल रखा है। बुधवार को एन एस यू आइ के कार्यकर्ताओं ने वि वि के गेट पर कुलपति का पुतला जलाने की कोशिश की, किंतु सतर्क पुलिस ने उनके प्रयासों को पलीता लगा दिया। पुलिस ने एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह सहित कई कार्यकर्ताओं को हिरासत में ले लिया। पुलिस इन कार्यकर्ताओं को नवाबाद थाने ले आई। पुलिस हिरासत में लेने के बाद एनएसयूआई के प्रदेश उपाध्यक्ष अभिषेक प्रताप सिंह ने कहा कि बुंदेलखंड विश्वविद्यालय के कुलपति ने विभिन्न पाठ्यक्रमों में नब्बे प्रतिशत तक फीस वृद्धि की है। फीस वृद्धि का फैसला जब तक वापस नहीं लिया जाता, यह लड़ाई जारी रहेगी। पूर्व केंद्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने पुलिस की कार्रवाई को लोकतंत्र में छात्रों की आवाज को दबाने की कोशिश की आलोचना की।