फाटक बंद न होने से हुआ हादसा, दो बाइक भी ट्रक के नीचे दबी
झारखंड। झारखण्ड के देवघर जिले में जसीडीह के पास नावाडीह रेलवे फाटक पर गुरुवार (22 जनवरी 2026) सुबह गोंडा-आसनसोल एक्सप्रेस ने धान लदे ट्रक को उस समय टक्कर मार दी जब ट्रक लापरवाही से पटरी पर पहुंच गया। इस घटनाक्रम में ट्रक बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और दो मोटरसाइकिलें भी चपेट में आ गईं। इस घटना में कोई जनहानि नहीं हुई, ट्रक चालक भी सुरक्षित निकलने में सफल रहा लेकिन रेल और सड़क यातायात बाधित हुआ। यह हादसा गेट के पूरी तरह बंद न होने के कारण हुआ। प्रशासन और आरपीएफ ने मौके पर पहुंच कर जांच और रेस्क्यू किया है।
ट्रक कुछ दूरी तक घिसटता चला गया
प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि घटना के समय रेलवे फाटक पूरी तरह बंद नहीं था। इसी दौरान ट्रेन के निकलने का इंतजार नहीं कर धान से लदा ट्रक फाटक पार कर रहा था। तभी तेज रफ्तार पैसेंजर ट्रेन फाटक पर आ गई और ट्रक से टकरा गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि ट्रक कुछ दूरी तक घिसटता चला गया। मौके पर मौजूद मोटरसाइकिल सवार अपनी बाइक छोड़कर भाग निकले, वहीं ट्रक चालक भी सुरक्षित उतरने में सफल रहा।
हादसे के कारण देवघर-गिरिडीह मुख्य सड़क पूरी तरह बाधित हो गई। क्षतिग्रस्त ट्रक और अन्य वाहनों के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यात्रियों और स्थानीय लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
ट्रेन में सवार यात्रियों के बीच भी कुछ देर के लिए दहशत का माहौल रहा, हालांकि रेलवे कर्मचारियों ने उन्हें आश्वस्त किया। सूचना मिलते ही आरपीएफ, स्थानीय प्रशासन और पुलिस बल मौके पर पहुंचे। उन्होंने तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।














