बुंदेली योद्धाओं की वनवासी से राजा राम तक की जनाक्रोश रथ यात्रा ?

0
87

बुंदेलखंड राज्य निर्माण की वादा-खिलाफी पर नौ सांसदों को हराने राम कलाबा बांध, गंगा जल उठा राम को कौल खिलाएंगे 

झांसी। बुंदेलखंड राज्य निर्माण की वादा-खिलाफी से बुंदेली योद्धा इतने आहत हैं कि अब उन्होंने बुंदेलखंड के नौ सांसदों को चुनाव में पराजित कर सबक सिखाने का ऐलान कर दिया है। इसके तहत बुन्देली योद्धाओं द्वारा रणनीति के तहत वनवासी राम (चित्रकूट) से राम राजा सरकार (ओरछा धाम) तक अखण्ड बुंदेलखंड क्षेत्र की जनआक्रोश वृहद रथ यात्रा निकाली जा रही है। यात्रा के दौरान बुंदेलखंड राज्य समर्थकों को नौ सांसदों को हराने के लिए राम कलाबा बांध, गंगा जल उठा कर राम को कौल खिलाएंगे।

मीडिया से रूबरू बुंदेलखंड निर्माण मोर्चा के अध्यक्ष भानू सहाय ने उक्त भीष्म प्रतिज्ञा की जरूरत रेखांकित करते बताया कि बुंदेलखंड क्षेत्र के निवासी वर्षों से अपने अलग राज्य की माँग करते आ रहे हैं। वर्ष 2014 में देश की जनता से बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाने का वादा किया गया था, जिस पर विश्वास करके हम बुन्देलियों ने सरकार को भारी समर्थन दिया। दुर्भाग्यवश, 12 वर्षों के बाद भी यह वादा पूरा नहीं किया गया। इससे बुंदेलखंड की जनता स्वयं को ठगा महसूस कर रही है। आज भी हमारा क्षेत्र बेरोजगारी, गरीबी, सूखा, पलायन, शिक्षा व स्वास्थ्य सुविधाओं की कमी जैसी गंभीर समस्याओं से जूझ रहा है।

उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड को अलग राज्य बनाए बिना इन समस्याओं का स्थायी समाधान संभव नहीं है। बार-बार आश्वासन देने के बाद भी ठोस कदम न उठाना जनता के साथ विश्वासघात है। इन विश्वासघातियों को सबक सिखाने के लिए मोर्चा द्वारा वनवासी राम (चित्रकूट) से राम राजा सरकार के चरणों (ओरछा धाम) तक की अखण्ड बुंदेलखंड क्षेत्र यात्रा 16 फरवरी से 13 मार्च तक प्रथम चरण की जनआक्रोश रथ यात्रा की जा रही है।

उन्होंने बताया कि रथ यात्रा का मार्ग चित्रकूट, बांदा, पन्ना, दमोह, सागर, टीकमगढ़, ललितपुर, दतिया, उरई, हमीरपुर, महोबा, छतरपुर, निवाड़ी, झांसी देहात, झांसी एवं ओरछा में यात्रा सम्पन्न होगी। रथ यात्रा के माध्यम से एक लाख संघर्ष करने वाले बुंदेली योद्धा तैयार किए जाएंगे जो बुंदेलखंड क्षेत्र के हर गांव और मजरों से होंगे।
रथ यात्रा में बुंदेलखंड राज्य का समर्थन नहीं करने वाले जनप्रतिनिधियों को आईना दिखाने के लिए “राम कौ कॉल” (राम की कसम) अभियान पुनः प्रारम्भ किया जा रहा है, इस बार गंगाजली भी उठवाई जाएगी। बुंदेलखंड राज्य का समर्थन नहीं करने वाले जनप्रतिनिधियों को चुनाव में हरवाने का कार्य किया जाएगा। चुनाव आते ही जो नेता बुंदेलखंड राज्य की राग अलापने लगते है वो अब स्वीकार नहीं होगा। उन्होंने दोहराया कि “जो बुंदेलखंड का नहीं वो किसी काम का नहीं”।

पत्रकार वार्ता में अशोक सक्सेना एडवोकेट महामंत्री, रघुराज शर्मा प्रवक्ता, गिरजा शंकर राय, उत्कर्ष साहू अनिल कश्यप, हनीफखान, प्रदीप नाथ झा एडवोकेट, रजनीश श्रीवास्तव एडवोकेट, अरुण रायकवार , शंकर रायकवार, विजय रायकवार, राजेंद्र कुमार पूर्व पार्षद, चौधरी मुहम्मद कुरैशी, चौधरी राहत कुरैशी, रोहन कुमार आदि उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here