झांसी। शादी से पहले लड़की प्रेमी के साथ रफूचक्कर हो गई और मंगेतर के गोली मारकर आत्महत्या कर सबको फंसा देने के अल्टीमेटम से परेशान होकर बहन को खोजने बाइक से निकले भाई की एक्सीडेंट में मौत हो गई जबकि होने वाला बहनोई घायल है।
जिला जालौन के कोंच निवासी लड़की का अफेयर उसके रिश्तेदार के लड़के से चल रहा था। इस अवैध रिश्ते की जानकारी होने पर परिजन ने लड़की को समझाया। इसके बाद उसकी शादी विक्रम से तय कर दी थी। तीन महीने पहले दोनों की सगाई हो चुकी थी। 25 फरवरी को शादी होनी थी। शादी की तैयारी चल रही थी, घर परिवार में खुशी का माहौल था कि 29 जनवरी की रात को लड़की छत से कूदकर भाग गई। सुबह जब परिजन जागे तो बेटी घर पर नहीं थी। बाद में पता चला कि उसे प्रेमी ही भगाकर ले गया।
मां ने बताया कि लड़की के घर से भागने की जानकारी मिलने पर होने वाले दामाद विक्रम ने बेटे संजय यादव (20) से कहने लगा कि मुझे शाम तक लड़की चाहिए, नहीं तो मैं खुद को गोली मार लूंगा या किसी को मार दूंगा, फिर तुम लोगों को फंसा दूंगा। इससे परेशान उसका पुत्र संजय व दामाद विक्रम बाइक से लड़की को तलाशने निकल गये। रास्ते में किसी वाहन ने बाइक में टक्कर मार दी। इस घटनाक्रम में बेटा गंभीर रूप से घायल हो गया।
सूचना मिलने पर परिजन झांसी मेडिकल कॉलेज पहुंचे, किंतु तब तक संजय यादव की मौत हो चुकी थी, जबकि विक्रम को मामूली चोट आई थी।














