उत्तर प्रदेश में विधानसभा चुनाव को देखते हुए बुन्देलखण्ड के सातों जिलों में दम तोड़ती कांग्रेस को ताकतवर बना कर पार्टी की 2022 में सत्ता में वापसी के लिए विशेष शिविर में झांसी में राजपूत रिसोर्ट में चिंतन-मंथन के साथ गांव से लेकर जिले के नेताओं में उत्साह का मंत्र फूंकने की कोशिश की गई। शिविर के समापन पर राष्ट्रीय महासचिव/यूपी प्रभारी प्रियंका गांधी की वर्चुअल एवं उत्तर प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की मौजूदगी से ‘‘परिवर्तन का संकल्प, कांग्रेस ही विकल्प’’ का नारा कितना कारगर होगा यह तो आने वाला चुनाव ही बताएगा किंतु शिविर में सबसे बड़ा सवाल टिकट के दावेदारों में सामंजस्य एवं पार्टी में एकजुटता का बना रहा।
गौरतलब है कि कांग्रेस राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी के निर्देश पर झांसी सहित प्रदेश के सभी जोन में विशेष शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। झांसी में रक्सा में आयोजित शिविर में बुंदेलखंड के सातों जिलों झांसी, ललितपुर, जालौन, हमीरपुर, महोबा, बांदा एवं चित्रकूट के जिलाध्यक्ष, प्रशासनिक उपाध्यक्ष तथा ब्लाॅक अध्यक्षों ने भागेदारी की। शिविर में भाग लेने झांसी पहुंचे प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने पार्टी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को कांग्रेस की नीति, सिद्धांत, परम्पराओं व कार्यों को जन जन तक पहुंचाने की रणनीति तो बताई ही साथ ही संगठन क्षमता का विकास व एक जुटता का मंत्र फूंका। उन्होंने केंद्र व प्रदेश में भाजपा सरकार की विफलताओं को जनता के बीच ले जाने के साथ आरएसएस की चालों को उजागर करने पर जोर दिया। इस दौरान कांग्रेस की राष्ट्रीय महासचिव प्रियंका गांधी ने पार्टी पदाधिकारियों और नेताओं को वर्चुअल माध्यम से संबोधित कर संगठन के विस्तार के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कांग्रेस सरकार के दौरान देश की उपलब्धियां और वर्तमान सरकार की असफलताओं को जनता तक ले जाने के मूलमंत्र पर चलने का संदेश और कार्यकर्ताओं से कहा कि देश अनेक प्रकार की चुनौतियों से गुजर रहा है, हर तरफ सरकार की प्रताड़ना सहने को मजबूरों का एक बड़ा वर्ग त्रासदीपूर्ण जीवन जीने के लिये विवश है। कांग्रेस कार्यकर्ताओ के समक्ष बड़ी जिम्मेदारी है उसका निर्वहन करना है, उसके लिये प्रशिक्षण शिविर महत्वपूर्ण साबित होगा।
झांसी में प्रभातफेरी निकलते समय मीडिया से रूबरू प्रदेश अध्यक्ष ने बताया कि 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने अपनी कमर कस ली है। पार्टी कार्यकर्ताओं को सक्रिय करने के लिए झांसी पहुंचे अजय कुमार लल्लू ने कहा कि प्रशिक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य संगठन की क्षमता का विकास करना और मौजूदा सरकार के काले कारनामों को आम लोगों तक पहुंचाना है। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ता कैसे एकजुट कैसे हों और पार्टी की रणनीति कैसी हो, इन बातों पर विशेष चर्चा होगी। उन्होंने कहा कि पिछले सत्तर साल में कांग्रेस ने गांव, गरीब, किसान, खेत-खलिहान, नौजवान के लिए जो काम किया है, उसे जनता तक पहुंचाने का काम करना है। भारतीय जनता पार्टी की साढ़े चार साल की सरकार में किसान आत्महत्या करने को विवश हैं, गरीब परेशान हैं, नौजवान बेरोजगारी व गरीबी का दंश झेल रहे हैं, उत्तर प्रदेश में जंगलराज की स्थिति है, कोरोना काल में लाखों लोगों ने दम तोड़ा है, पिछले चार साल में पांच सौ से ज्यादा लोगों की जहरीली शराब पीने के कारण मौत हो चुकी है. बुन्देलखण्ड में अन्ना जानवरों एवं कर्ज की समस्या है और बिजली के बढ़े दाम से आम आदमी परेशान है। सरकार की इन विफलताओं को कार्यकर्ताओं को बताया जा रहा है ताकि वह गांव-गांव जाकर अपनी बात रखें। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस की 2022 में सत्ता में वापसी होगी।
गौरतलब है कि रानी महल से कांग्रेस की प्रभात फेरी की शुरुआत हुई और इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष के साथ कांग्रेस पार्टी के सभी स्थानीय पदाधिकारी, वरिष्ठ नेता और विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी हाथों में कांग्रेस का झंडा थामे सड़कों पर गीत गाते प्रभात फेरी में हिस्सा लेते दिखाई दिए।
प्रभातफेरी के बाद शिविर में मुख्य अतिथि प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू, पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य, विशिष्ट पूर्व मंत्री ओम प्रकाश रिछारिया, छत्तीसगढ़ राज्य से कैबिनेट मंत्री राजेश तिवारी, कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव एवं कार्यक्रम के संरक्षक प्रदीप नरवाल, राष्ट्रीय सचिव सुधांशु त्रिपाठी, एनएसयूआई राष्ट्रीय सचिव नावेद खान आदि ने महात्मा गांधी के चित्र पर माल्यार्पण व दीप प्रज्जवलित कर कार्यक्रम का शुभारम्भ किया।
पूर्व केन्द्रीय मंत्री प्रदीप जैन आदित्य ने उद्घाटन सत्र में कांग्रेस की सरकार द्वारा चलाई गईं जन कल्याणकारी योजनाओं पर प्रकाश डाला। कार्यक्रम संयोजक उ0प्र0 कांग्रेस कमेटी के महासचिव राहुल रिछारिया एवं महासचिव राहुल राय ने संयुक्त रूप से मंच का संचालन किया।
कार्यक्रम के प्रथम सत्र में राष्ट्रीय प्रशिक्षक राजेश तिवारी ने मिशन 2022 के तहत विशेष रणनीतियों पर चर्चा की तथा सभी अध्यक्षों को आने वाली चुनौतियों के लिए प्रशिक्षित किया। दूसरे सत्र में महात्मा गांधी जी के सिद्धान्त तथा कांग्रेस की नीतियों पर प्रकाश डाला। भोजनावकाश के बाद तीसरे सत्र में मोदी-योगी सरकार की विफलताओं पर चर्चा की गई।
शाम के समय प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। उन्होंने नव निर्वाचित उद्योग व्यापार मंडल जिलाध्यक्ष युथप सर्राफ के साथ कोरोना काल के दौरान व्यापारियों की समस्याओं पर चर्चा की। साथ ही समस्त आठों जिलों के अध्यक्ष, प्रशासनिक उपाध्यक्ष एवं ब्लाॅक अध्यक्षों के साथ वार्ता की।
कार्यक्रम में प्रदेश महासचिव पुष्पेन्द्र सिंह, प्रदेश सचिव मनीराम कुशवाहा, ओवेश खान, अभिमन्यु सिंह, मनोज पटेल, संजय तिवारी, अखिलेश शुक्ला, जय प्रकाश पाल जिलाध्यक्ष भगवानदास कोरी, शहर अध्यक्ष अरविन्द वशिष्ठ, सेवादल से देवी सिंह कुशवाहा, विजय सिंह कुशवाहा, लक्ष्मीनारायण दीक्षित, गिरजा शंकर राय, विनोद वर्मा, महिला जिलाध्यक्ष श्रीमती सरला भदौरिया, नीता अग्रवाल, डाॅ0 विजय भारद्वाज, योगेन्द्र पारीछा, अफजाल हुसैन, अजय तिवारी, इम्तियाज हुसैैन, मीना आर्या, मुन्नी देवी अहिरवार, नीलम निषाद हमीरपुर, पंकज मिश्रा नोटा, रवि दुबे, प्रिंस कटियार, अखलाक मकरानी पार्षद, अरविन्द पाराशर, भरत व्यास, अनिल रिछारिया, छोटे राजा, फैजल हाश्मी, शेखर नलवंशी, आशीष दुबे, अब्दुल समद, इन्द्रजीत बादशाह, राहुल चौहान आदि उपस्थित रहे।