– महिला आयोग की सदस्या गंभीर, दरोगा सस्पेंड, जांच के आदेश

झांसी। केंद्र व प्रदेश सरकार महिलाओं से थानों/चौकियों में नम्र व्यवहार कर उनकी फरियाद सुनने के भले ही  तमाम दिशानिर्देश देती रहे, किंतु कुछ पुलिसकर्मी बाज नहीं आ रहे और सरकार की छवि पर बट्टा लगा रहे हैं। ऐसे ही एक मामले में झांसी के प्रेमनगर थाने में दरोगा द्वारा महिला से दुर्व्यवहार कर धक्का मुक्की करने का वीडियो वायरल होने से सोशल मीडिया पर हंगामा हो गया। महिला आयोग की सदस्या ने इसे गंभीरता से लिया तो पुलिस कप्तान ने तत्काल प्रभाव से आरोपी दरोगा को सस्पेंड करते हुए जांच शुरू करा दी है।

दरअसल, प्रेमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत जमीन के विवाद को लेकर एक पक्ष थाने पहुँचा था। जिसमें महिलाएं भी शामिल थीं। बताया गया कि महिलाओं ने पुलिस पर सुनवाई न करने का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। इसी बीच थाने में तैनात दरोगा पहुँच गया। महिलाओं के साथ मौजूद कुछ लोग बातचीत का वीडियो बना रहे थे। दरोगा ने उन्हें पकड़ने की कोशिश की तो महिलाएं बीच में आ गईं, लेकिन दरोगा ने दुर्व्यवहार करते हुए  महिला से धक्का मुक्की कर दी। यह वाकया भी कैमरे में कैद हो गया। कुछ ही देर में महिला को धक्का देते दरोगा का वीडियो वायरल हो गया। इस वीडियो ने सोशल मीडिया पर तहलका मचा दिया। इस मामले को एसएसपी ने  गम्भीरता से लेते हुए नैनागढ़ चौकी से सम्बद्ध आरोपी दरोगा संदीप यादव को निलंबित कर मामले की जांच सीओ गरौठा आभा सिंह को सौंप दी। इधर, प्रभारी निरीक्षक प्रेमनगर रणविजय सिंह चौहान ने बताया कि महिलाओं द्वारा महिला कांस्टेबल से अभद्रता की गई , इस मामले में कार्यवाही की जा रही है। उन्होंने बताया पुलिया नम्बर नौ क्षेत्र में एक इकरार नामे को लेकर चल रहे विवाद में उक्त महिलाओं द्वारा पुलिस पर अनावश्यक दबाव बनाने का प्रयास किया जा रहा था। सवाल उठता है कि यदि महिला कांस्टेबल से अभद्रता हुई तो पुरुष दरोगा को दुर्व्यवहार करने का क्या अधिकार है।

आरोपी दरोगा के खिलाफ एक अन्य महिला भी कर चुकी शिकायत

बताया गया कि नैनागढ़ निवासी सीमा शर्मा ने भी कुछ माह पूर्व आरोपी दरोगा संदीप यादव पर अभद्रता का आरोप लगाया था। जिसकी शिकायत प्रभारी निरीक्षक से लिखित रूप से की गई थी। इस मामले की जांच अभी लंबित है। फिलहाल आज की घटना से पुलिस बैकफुट पर आ गई है।